गुजरात में फिर मोदी का डंका, बिहार में नीतीश को झटका

गुजरात में फिर मोदी का डंका, बिहार में नीतीश को झटका

गुजरात में फिर मोदी का डंका, बिहार में नीतीश को झटकाज़ी मीडिया ब्‍यूरो

अहमदाबाद/पटना : देश के चार राज्‍यों में हुए उपचुनावों के नतीज बुधवार को आए। इस उपचुनाव में गुजरात में जहां नरेंद्र मोदी का जादू चला, वहीं बिहार में नीतीश कुमार को झटका लगा है। गुजरात में बीजेपी ने सभी छह सीटों पर कब्‍जा जमा लिया है और बिहार में आरजेडी के उम्‍मीदवार ने भारी जीत हासिल की है।

गुजरात में हुए उपचुनाव में भाजपा ने सभी छह सीटों (दो लोकसभा और चार विधानसभा) को अपने नाम कर लिया है। इससे पहले ये सभी सीटें कांग्रेस के कब्जे में थीं। राज्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि बनासकांठा एवं पोरबंदर की दो लोकसभा सीटों और लिम्बाड़ी, मोरवा हदफ एवं जेतपुर की तीन विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई है। यहां पोरबंदर लोकसभा सीट पर सबसे बड़ी जीत विट्ठल रादड़िया की रही, जिन्होंने 1,28,000 वोटों के साथ यह सीट अपने नाम कर ली है। पिछले वर्ष एक टोल नाके पर बंदूक लहराते हुए पकड़े गए इस पूर्व कांग्रेस सांसद ने बाद में भाजपा का दामन थाम लिया था।

कांग्रेस सांसद मुकेश गाधवी की मृत्यु के बाद खाली हुई बनासकांठा सीट भी भाजपा ने जीत ली है। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी हरिभाई चौधरी ने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी मुकेश गाधवी की पत्नी कृष्णा गाधवी को 71,000 वोटों से मात दी है। अपने पिता विट्ठल रडाडिया के साथ ही कांग्रेस से पाला बदल कर भाजपा में शामिल होने वाले जयेश रादड़िया ने भी कांग्रेस प्रत्याशी जगदीश पंभार को हराकर जेतपुर विधानसभा सीट अपने नाम कर ली है।

दूसरी तरफ बिहार में महाराजगंज संसदीय उपचुनाव में राजद प्रत्याशी प्रभुनाथ सिंह की करीब 1.37 लाख मतों से जीत सुनिश्चित कर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को करारा झटका दिया है।

पिछले दो जून को हुए महाराजगंज संसदीय उपचुनाव के मतगणना के अंतिम चक्र में राजद प्रत्याशी प्रभुनाथ सिंह को 3,81,436 मत, जदयू प्रत्याशी पी. के. शाही को 2,44,324 और कांग्रेस उम्मीदवार जितेंद्र स्वामी को 33,905 मत प्राप्त हुए।

11वें चक्र के बाद राजद उम्मीदवार प्रभुनाथ सिंह ने राज्य के शिक्षा मंत्री और जदयू प्रत्याशी पीके शाही से करीब 78 हजार वोट की बढ़त ले ली थी। राजद सांसद उमाशंकर सिंह के निधन के बाद चुनाव आयोग ने महाराजगंज संसदीय सीट पर उपचुनाव कराने का निर्णय लिया था। इस चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे कांग्रेस उम्मीदवार जितेंद्र स्वामी उमाशंकर सिंह के पुत्र हैं।

First Published: Wednesday, June 5, 2013, 15:43

comments powered by Disqus