Last Updated: Sunday, April 21, 2013, 13:39
ज़ी मीडिया ब्यूरो/एजेंसीनई दिल्ली : दिल्ली में 15 अप्रैल को पांच वर्षीया लड़की ‘गुड़िया’ से हुए रेप के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए हैं और उसके लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं। राजधानी में विरोध-प्रदर्शन के दूसरे दिन प्रदर्शनकारी रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर पहुंचे और ‘गुड़िया’ को इंसाफ दिलाने के लिए प्रदर्शन किया।
10 जनपथ पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने वहां सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया।
पांच वर्षीय बच्ची के बलात्कार के विरोध में एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए प्रदर्शनकारी पुलिस मुख्यालय और एम्स के बाहर एकत्र हुए और पुलिस आयुक्त नीरज कुमार के इस्तीफे की मांग की।
आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और नीरज कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि प्रदर्शनकारियों की संख्या ज्यादा नहीं थी।
प्रदर्शनकारियों के एकत्र होने के दोनों स्थलों पर यातायात बाधित नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को पुलिस मुख्यालयों, एम्स, गांधीनगर पुलिस थाने और कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी तथा गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के आवास स्थलों के बाहर प्रदर्शन किए थे।
गौरतलब है कि पांच वर्षीय बच्ची को दिल्ली के गांधी नगर में कथित रूप से उसके पड़ोसी ने दो दिन तक बंधक बनाकर उसका बेरहमी से बलात्कार किया और उसके साथ मारपीट की। उसके शरीर में बाहरी वस्तुएं भी पाई गई जिससे उसे संक्रमण हो गया है।
First Published: Sunday, April 21, 2013, 13:39