Last Updated: Thursday, December 22, 2011, 04:55
नई दिल्ली: गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ठंड से तो नहीं लेकिन हां कोहरे की चादर से जरूर राहत मिल गई। गुरुवार सुबह 5.30 बजे दिल्ली में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन मौसम विभाग की मानें तो इस हफ्ते कोहरे से परेशान लोगों पर अब ठंड भी सितम ढाने को तैयार है।
पिछले 24 घंटों में उत्तर भारत में ठंड से 18 और जानें जा चुकी हैं। इस बीच, उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिन में ठंड से 40 लोगों की मौत हो गई, जिससे अब तक राज्य में ठंड से मरने वालों की संख्या बढ़कर 105 हो गई है। कुछ क्षेत्रों में तापमान मौसम के न्यूनतम स्तर पर चला गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
पिछले दस वर्षों में दिसंबर महीने में सबसे कम तापमान 12 दिसंबर 2005 में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
शनिवार को पारा तीन डिग्री सेल्सियस, जबकि रविवार को दो डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। न्यूनतम तापमान के साथ ही अधिकतम तापमान में भी गिरावट होगी।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घना कोहरा छाने की आशंका जताई है। उत्तर-पश्चिमी भारतीय मैदानी इलाके हाड़ कंपाने वाली ठंड की गिरफ्त में आ सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 20.4 और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, December 22, 2011, 10:25