गूगल इंडिया में इस्लाम विरोधी फिल्म ब्लॉक : सरकार

गूगल इंडिया में इस्लाम विरोधी फिल्म ब्लॉक : सरकार

गूगल इंडिया में इस्लाम विरोधी फिल्म ब्लॉक : सरकारनई दिल्ली : गूगल इंडिया ने इस्लाम विरोधी फिल्म को ब्लॉक कर दिया है जिसके कारण कई देशों में हिंसा भड़की और लीबिया में अमेरिका के राजदूत की हत्या हो गई। विदेश मंत्रालय में प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने धार्मिक मतों एवं भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सभी कार्रवाईयों की निंदा करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर भारत अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में है।

उन्होंने कहा, ‘विदेश मंत्रालय अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में है जो मामले में हमारी चिंताओं से वाकिफ हैं। भारतीय कानून के मुताबिक गूगल इंडिया ने आक्रामक सामग्री तक पहुंच को ब्लॉक कर दिया है।’ बहरहाल गूगल पर इस फिल्म की कुछ क्लिप अब भी मौजूद हैं। प्रवक्ता ने कहा, ‘हाल की घटनाओं के सिलसिले में हम कहना चाहेंगे कि धार्मिक भावनाओं और मान्यताओं को ठेस पहुंचाने वाली सभी कार्रवाईयों का भारत विरोध करता है।’

अमेरिका में निर्मित फिल्म के कुछ हिस्से ऑनलाइन किए जाने के बाद मिस्र, लीबिया, यमन, ट्यूनिशिया, सूडान और अफगानिस्तान सहित पूरे मुस्लिम जगत में अमेरिका विरोधी प्रदर्शन हुए। लीबिया के बेनगाजी शहर में हिंसक भीड़ ने 11 सितम्बर को अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमला किया जिसमें अमेरिका के राजदूत क्रिस्टोफर स्टीवंस सहित चार अमेरिकी नागरिक मारे गए। फिल्म के खिलाफ शुक्रवार को ट्यूनिशिया की राजधानी में अमेरिकी दूतावास पर हमले के दौरान चार लोग मारे गए और 49 लोग घायल हो गए। (एजेंसी)

First Published: Monday, September 17, 2012, 00:35

comments powered by Disqus