Last Updated: Friday, October 12, 2012, 12:18

जम्मू: केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे जम्मू एवं कश्मीर की तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को यहां पहुंचे। इस दौरान वह घाटी के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करेंगे। राज्य के गृह मंत्री नासिर असलम वानी, पुलिस महानिदेशक अशोक प्रसाद, अर्ध सैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारियों व प्रांतीय प्रशासन के अधिकारियों ने जम्मू हवाई अड्डे पर शिंदे की अगवानी की।
इसके बाद शिंदे जम्मू क्षेत्र के पुंछ जिले की ओर रवाना हो गए। वहां वह नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर चकन दा बाग व्यापार सुविधा केंद्र का दौरा कर रहे हैं। शिंदे सीमा पार व्यवसाय में प्रगति की समीक्षा करेंगे। वह व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनके सामने आने वाली समस्याओं पर चर्चा करेंगे।
दोपहर को शिंदे जम्मू जिले की सुचेतगढ़ अंतर्राष्ट्रीय सीमा का दौरा करेंगे। वहां वह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों से जानकारी लेंगे।
गौरतलब है कि बीते दो सप्ताहों के दौरान पाकिस्तानी रेंजर्स ने कई बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इससे जम्मू क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के नजदीक तनाव बढ़ गया है। शिंदे कश्मीर घाटी रवाना होने से पहले यहां सर्किट हाउस में कांग्रेस पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल सहित कुछ स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करेंगे।
राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने शिंदे के सम्मान में श्रीनगर में रात्रिभोज दिया है। शिंदे रात श्रीनगर में ही गुजारेंगे। शनिवार को शिंदे एकीकृत मुख्यालयों की एक बैठक में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला इसकी अध्यक्षता करेंगे। इसमें राज्य की मौजूदा कानून व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।
शिंदे शनिवार को हजरतबल दरगाह पर जियारत करेंगे। उन्होंने पिछले सप्ताह लेह व करगिल का दौरा किया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, October 12, 2012, 12:18