Last Updated: Friday, December 21, 2012, 21:25

औरंगाबाद : नयी दिल्ली में बीते दिनों पैरा मेडिकल की छात्रा के साथ चलती बस में सामूहिक बलात्कार के छठे आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को औरंगाबाद जिले में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रणव कुमार ने बताया कि अक्षय ठाकुर को दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने टंडवा थाना अंतर्गत लाहनकरमा गांव से गिरफ्तार कर लिया।
कुमार ने बताया कि पुलिस ठाकुर के घर पर निगाह रखे हुए थी। गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। संयुक्त अभियान के तहत आरोपी को देर शाम उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि साधारण किसान सरयू सिंह के बेटे ने नयी दिल्ली में घटना के दिन अपनी उपस्थिति की बात स्वीकार कर ली है। ट्रांजिट रिमांड के लिए आरोपी को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया जाएगा ताकि उसे दिल्ली ले जाया सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दिल्ली से आयी पुलिस टीम लगातार नजर रखे हुए थी। जैसे ही आरोपी के बारे में गुप्त सूचना प्राप्त हुई उसे दबोच लिया गया। टंडवा के सरकारी स्कूल से मैट्रिक उत्तीर्ण अक्षय पढ़ने में साधारण श्रेणी का है। उसने छत्तीसगढ़ में काम करने के लिए गांव छोड़ा था और बाद में पिछले साल वह दिल्ली चला गया था। गांव में पहुंचकर दिल्ली पुलिस की टीम ने बीते 19 दिसंबर को थाना परिसर में आरोपी के छोटे भाई अभय सिंह और पिता सरयू सिंह से पूछताछ की थी।
बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया था। लाहनकरमा गांव जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर की दूरी पर झारखंड के पलामू जिले से सटा हुआ है।
इस बीच पांच दिन पहले सामूहिक बलात्कार का शिकार हुयी 23 वर्षीय लड़की को वेंटिलेटर प्रणाली से हटा दिया गया। हालांकि पीड़िता में संक्रमण की शुरुआत के संकेत मिलने लगे हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 21, 2012, 21:25