Last Updated: Thursday, December 20, 2012, 13:05

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली: दिल्ली गैंगरेप की पीड़ित लड़की की हालत स्थिर है और उसे इलाज के लिए विदेश भेजा जा सकता है। यह ऐलान दिल्ली की मुख्यमंत्री शीली दीक्षित ने किया। उन्होंने कहा कि हम पीड़ित लड़की के सेहत पर गंभीर है और अगर जरूरी हुआ तो उसे इलाज के लिए विदेश भेजा जा सकता है।
चिकित्सकों के मुताबिक पीड़िता की अबतक पांच बार सर्जरी की गई है। चिकित्सकों ने कहा कि वह बहादुर लड़की है।
पीडिता का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उसे एक फाइटर बताया। उसका शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है लेकिन उसमें जीने का जज्बा कायम है। हालांकि उसकी हालत पिछले 24 घंटों में बिगड़ी है। घाव होने की आशंका के चलते उसकी आंत को निकालना पड़ा है। डाक्टरों ने कहा कि उसकी आंत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी जिससे गैंगरीन होने का खतरा था और इसलिए उसे निकालना पड़ा।
दिल्ली में सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता की हालत गुरुवार को स्थिर है और वह होश में है। यह जानकारी चिकित्सकों ने दी। सफदरजंग अस्पताल की चिकित्सक ने कहा कि उसकी स्थिति लगातार स्थिर बनी हुई है। वह सतर्क और होश में है। एक अन्य चिकित्सक ने कहा कि वह इससे निकलने की कोशिश कर रही है।
इस पीड़िता के साथ रविवार रात चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। उसके मित्र के साथ भी मारपीट की गई थी और लगभग 40 मिनट बाद दोनों को सड़क किनारे फेंक दिया गया था। पुलिस ने इस घृणित अपराध के छह में से चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो अभी भी फरार है।
First Published: Thursday, December 20, 2012, 13:05