गैंगरेप : पुलिस के बल प्रयोग के बावजूद डटे प्रदर्शनकारी

गैंगरेप : पुलिस के बल प्रयोग के बावजूद डटे प्रदर्शनकारी

गैंगरेप : पुलिस के बल प्रयोग के बावजूद डटे प्रदर्शनकारी ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

नई दिल्ली : राजधानी में तेइस वर्षीय लड़की से चलती बस में सामूहिक बलात्कार के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जारी रायसीना हिल्स पर जारी लोगों का विरोध-प्रदर्शन शनिवार को और तेज हुआ। रायसीना हिल्स से प्रदर्शनकारियों को हटाने की पुलिस की कोशिश कई दफे नाकाम हुई और शाम के वक्त राष्ट्रपति भवन के बाहर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच एक बार फिर झड़प हुई।

आज सुबह से रायसीना हिल्स पर जमे प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़ने के लिए सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की जिस पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछारें कीं।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर नियंत्रण पाने के लिए कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े गए और पानी की तेज बौछारें कीं। लेकिन वे न्याय की मांग के लिए प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों छात्र-छात्राओं के जोश को कम नहीं कर सके । बलात्कार के मामले में सरकार और पुलिस की ‘‘अकर्मण्यता’’ से नाराज छात्रों ने आज पुलिस अवरोधकों को तोड़कर राष्ट्रपति भवन में प्रवेश करने की कोशिश की।

पूर्व सेना प्रमुख जनरल वी. के. सिंह ने प्रदर्शनकारियों को अपना समर्थन दिया और उनके साथ विरोध करने के लिए इंडिया गेट पहुंचे। इस घटना को उन्होंने व्यवस्था की विफलता बतायी।

स्थिति जब हाथ से बाहर जाती दिखायी दी तो पुलिस ने कुछ लोगों को वहां से भगाया और कुछ को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस वाहनों पर फेंके गए पत्थरों, जूतों और अन्य चीजों से एक लड़का, एक लड़की और एक यातायात पुलिसकर्मी घायल हो गए ।

आंसू गैस के गोले दागने और पानी की बौछारें छोड़ने के बावजूद छात्रों ने वहां से हटने से इंकार कर दिया और नॉर्थ ब्लॉकऔर साउथ ब्लॉक, प्रधानमंत्री कार्यालय आदि के सामने जमा होकर उन स्थलों को वस्तुत: युद्ध के किसी मैदान में बदल दिया।

पुलिस के साथ झड़पों के बाद सैकड़ों प्रदर्शनकारी धरने पर बैठ गए और सरकार तथा पुलिस के खिलाफ नारे लगाने लगे। उन्होंने बलात्कार और महिला विरोधी अन्य अपराधों को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

पुलिस वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। एक लड़की ने तो अपने हाथों से पुलिस बस का शीशा तोड़ दिया।

रायसीना हिल्स पर बातचीत असफल होने के बाद बड़ी संख्या में युवाओं ने अवरोधों को हटाकर राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़ना शुरू किया जिसके बाद पुलिस हरकत में आयी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और त्वरित कार्य बल के जवानों को वहां तैनात किया गया है।

प्रदर्शन कर रही लड़कियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उन्हें लाठी से मारा है। डन्होंने वहां पर धरना देने का निर्णय लिया है। रायसीना हिल्स में जमा प्रदर्शनकारियों ने वहां से हटने से इंकार कर दिया है।
इस घटनाक्रम में घायल एक लड़की को अस्पताल ले जाया गया।

First Published: Saturday, December 22, 2012, 19:20

comments powered by Disqus