चार्टर्ड उड़ान से इतालवी मैरिन्स स्वदेश रवाना

चार्टर्ड उड़ान से इतालवी मैरिन्स स्वदेश रवाना

चार्टर्ड उड़ान से इतालवी मैरिन्स स्वदेश रवानाकोच्चि : दो भारतीय मछुआरों को गोली मारने के मामले में दस महीने पहले गिरफ्तार किए गए दो इतालवी मैरीन्स एक चार्टर्ड उड़ान से क्रिसमस मनाने के लिए स्वदेश रवाना हो गए। लेकिन अदालत के आदेशों के अनुसार उन्हें दो सप्ताह के भीतर लौटना होगा। मैरीन्स आज तड़के पांच बजे विमान में सवार हुए। कोच्चि हवाई अड्डा प्रशासन ने यह जानकारी दी।

मासिमिलियानो लातोरे तथा साल्वातोर गिरोने ने कोल्लम अतिरिक्त जिला सत्र अदालत से कल अपने-अपने पासपोर्ट हासिल किए । इससे पूर्व उन्होंने एक संयुक्त हलफनामा दाखिल किया था जिसमें बिना शर्त 10 जनवरी तक केरल वापस लौट आने तथा 15 जनवरी को कोल्लम में सुनवाई अदालत में पेश होने पर सहमति जतायी थी।

इतालवी मैरीन्स ने केरल हाईकोर्ट के गुरुवार के दिशा निर्देशों के अनुसार छह करोड़ रुपये की बैंक गारंटी भी जमा कराई है जिसके बाद उन्हें दो सप्ताह के लिए स्वदेश जाने की अनुमति दी गयी। इन दोनों मैरीन्स को 15 फरवरी को अलपुझा तट पर दो भारतीय मछुआरों अजेश बिन्की (25) तथा जेलेस्टीन (45) को गोली मारे जाने के मामले में 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। ये दोनों मर्चेन्ट पोत ‘एनरिका लेक्सी’ पर सवार थे। दोनों भारतीय मछुआरे इस घटना में मारे गए थे।

इतालवी रक्षा मंत्री गिम्पालो डी पाउलो इन दोनों मैरीन्स से मुलाकात करने के लिए पिछले सप्ताहांत में यहां आए थे। इतालवी राष्ट्रपति ने भी दो दिन पहले वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मैरीन्स से बातचीत की थी। कांग्रेस के नेतृत्व वाली प्रदेश की यूडीएफ सरकार पर कल वरिष्ठ मार्क्‍सवादी नेता वी.एस. अच्युतानंदन ने जोरदार हमला बोला और अदालत के आदेश को चुनौती नहीं दिए जाने के लिए सरकार की आलोचना की। केरल सरकार ने 18 दिसंबर को मैरीन्स की इटली जाने संबंधी अपील का यह कहते हुए विरोध किया था कि यह उनकी देश से बाहर जाने की एक चाल है और इससे मामले की चल रही सुनवाई ध्वस्त हो जाएगी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 22, 2012, 09:34

comments powered by Disqus