Last Updated: Wednesday, April 10, 2013, 12:19
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोनई दिल्ली : तृणमूल कांग्रेस और माकपा के बीच गतिरोध बरकरार है। इसका असर कहीं न कहीं यूपीए सरकार को भी भुगतना पड़ रहा है। दिल्ली में बुधवार को पश्चिम बंगाल सरकार के वित्त मंत्री अमित मित्रा से धक्का-मुक्की से नाराज तृणमूल कांग्रेस की मुखिया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलने से इनकार कर दिया था। आज सुबह केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम से भी मिलने से ममता ने मना कर दिया है। ममता निजी विमान से आज ही कोलकाता लौटेंगी।
ममता और मित्रा से बदसलूकी के विरोध में तृणमूल कांग्रेस आज पश्चिम बंगाल में धिक्कार दिवस मना रही है। इस बीच ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से प्रदेश में शांति बनाए रखने की अपील की है। सूत्रों के अनुसार ममता ने टीएमसी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे माकपा के उकसावे में न आएं। ममता ने दिल्ली में किसी भी प्रकार की नारेबाजी या हिंसक प्रदर्शन नहीं करने के भी आदेश दिए हैं। एहतियात के तौर पर दिल्ली में टीएमसी व माकपा के कार्यालयों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोलकाता में ममता के घर के बाहर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
मालूम हो कि दिल्ली में हुई धक्का-मुक्की के बाद अमित मित्रा को एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें मेडिकल टेस्ट के लिए निगरानी में रखा गया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी बीमार पड़ गई थी। उन्हें मंगलवार शाम साउथ एवन्यू स्थित घर में ऑक्सीजन भी चढ़ाया गया।
First Published: Wednesday, April 10, 2013, 12:13