Last Updated: Monday, February 27, 2012, 10:17
नई दिल्ली : रक्षा मंत्री एके एंटनी की हाल की अरुणाचल प्रदेश यात्रा पर चीन की आपत्ति खारिज करते हुए केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि रक्षा मंत्री को देश में कहीं भी जाने का अधिकार है। इसके साथ ही सरकार ने किसी भी बाहरी हस्तक्षेप का विरोध किया। विदेशी मंत्री एसएम कृष्णा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का हिस्सा है। रक्षा मंत्री देश में कहीं भी जहां वह जरूरी समझे जा सकते हैं। कृष्णा ने कहा कि किसी भी देश द्वारा इस बारे में जताई गई आपत्ति पर विचार नहीं हो सकता है।
एंटनी 20 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश के राज्य बनने के रजत जयंती अवसर पर ईटानगर गए थे। एंटनी की इस यात्रा को चीन ने आपत्तिजनक कहा था। एंटनी ने सोमवार को संवाददाताओं से चीनी टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अविभाज्य हिस्सा है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता होंग ली ने रक्षा मंत्री की अरुणाचल प्रदेश यात्रा से सम्बंधित खबर पर अपनी प्रतिक्रिया में आपत्ति जताई थी।
खबर में कहा गया था कि भारतीय अधिकारी तथाकथित अरुणाचल क्षेत्र की गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं और इसमें प्रत्यक्ष तौर पर एंटनी की यात्रा का स्पष्ट उल्लेखन नहीं किया गया था।
(एजेंसी)
First Published: Monday, February 27, 2012, 15:47