चीन के बुने जाल में फंस गई है केंद्र : जोशी

चीन के बुने जाल में फंस गई है केंद्र : जोशी

चीन के बुने जाल में फंस गई है केंद्र : जोशी वाराणसी : लोक लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि वह सीमा मसले पर चीन के जाल में फंस गयी है।

डॉ. जोशी ने यहां सर्किट हाउस में आज संवाददाताओं से कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करनी चाहिए, न कि उन्हें वार्ता में उलझाया जाए। केंद्र सरकार ने चीन से पुराने सीमा विवाद को फिर से उलझा दिया है और अब चीन उससे नये समझौते की पेशकश कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि चीन पूर्व में किए गए समझौते का उल्लंघन करता रहा है। अब उसने नई तस्वीर पेश की है और सरकार उस जाल में फंस गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कमजोर सरकार के लक्षण हैं कि देश की सीमाएं उसके हाथ में सुरक्षित नहीं हैं। इस तथ्य से भी इसकी पुष्टि होती है कि रक्षा संबंधी घोटाले भी उजागर हो रहे हैं।

डॉ. जोशी ने संप्रग सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर कहा कि घोटालों व भ्रष्टाचार के बीच घिरी सरकार शून्य के ऊपर उठने लायक नहीं है। यदि ‘माइनस मार्किंग’ की कोई व्यवस्था होती तो वह काफी दूर तक जाती। उत्तर प्रदेश सरकार को भी घेरे में लेते हुए डॉ. जोशी ने आरोप लगाया कि केंद्र जैसी उसकी भी स्थिति है। यहां कानून व्यवस्था से लेकर नागरिक सुविधाएं तक सब कुछ नदारद हैं। वस्तुत: यह प्रदेश दोनों सरकारों के बीच पिस रहा है।

उन्होंने कहा कि इन सारे मुद्दों को लेकर भाजपा 27 मई से दो जून तक देशभर में जनजागरण अभियान के साथ जेल भरो आंदोलन करने जा रही है। दो जून को लखनऊ में इस अभियान का समापन होगा। (एजेंसी)

First Published: Saturday, May 25, 2013, 21:11

comments powered by Disqus