छत्तीसगढ़ के दौरे पर आज जाएंगे `नाराज` आडवाणी

छत्तीसगढ़ के दौरे पर आज जाएंगे `नाराज` आडवाणी

छत्तीसगढ़ के दौरे पर आज जाएंगे `नाराज` आडवाणी रायपुर : भाजपा की `गतिविधियों` से नाराज चल रहे लालकृष्ण आडवाणी `कोपभवन` से निकलकर सोमवार को छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंच रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चुनाव अभियान समिति की कमान देने पर क्षोभ जता चुके आडवाणी पार्टी के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी के रूप में मोदी के नाम की घोषणा में आपत्तियों को दरकिनार किए जाने के बाद नाराज चल रहे हैं।

ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के बाद आडवाणी सोमवार को पहली बार छत्तीसगढ़ में आम भाजपा कार्यकताओं के बीच होंगे। आडवाणी का यह कार्यक्रम मोदी को प्रत्याशी बनाए जाने के पूर्व ही तय हुआ था। बदले राजनीतिक परिदृश्य को लेकर उनके दौरे पर संशय पैदा हो गया था। देर शाम आडवाणी के आने की पुष्टि के साथ ही इस संशय पर विराम लग गया।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में आडवाणी एक महती जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरे में उनकी मुख्यमंत्री रमन सिंह से राजनितिक निकटता का भी आभास भाजपा हाईकमान को हो जाएगा। आडवाणी मुख्य कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी के कोरबा स्थित विद्युत संयंत्र का लोकार्पण करना है, पर इसके जरिए वह आम लोगों और भाजपा कार्यकताओं को अपने रुख का संदेश भी दे सकते हैं। आडवाणी का छत्तीसगढ़ से काफी जुड़ाव रहा है और वह यहां लगातार आते रहे हैं।

मोदी से बनी दूरी के बीच आडवाणी सार्वजनिक रूप से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के कामकाज की तारीफ करते रहे हैं। आडवाणी इससे पूर्व गत मई माह में मुख्यमंत्री रमन सिंह की विकास यात्रा को हरी झंडी दिखाने आए थे। (एजेंसी)

First Published: Monday, September 16, 2013, 10:13

comments powered by Disqus