छह महिलाओं को स्त्री शक्ति अवॉर्ड - Zee News हिंदी

छह महिलाओं को स्त्री शक्ति अवॉर्ड

नई दिल्ली : राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देश की महिलाओं को बधाई दी और कहा कि यह अवसर उन महिलाओं के साहस का उत्सव मनाने का है, जिन्होंने अपने परिवारों, समुदायों, समाज और देश को आकार देने में असाधारण भूमिका निभाई है।

 

पाटील ने अपने संदेश में कहा, 'हम विश्व में लिंग समानता और न्याय के प्रति समर्पण दिखाने के लिए प्रत्येक वर्ष आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाते हैं। यह अवसर है उन साधारण महिलाओं के साहस का उत्सव मनाने का, जिन्होंने अपने परिवारों, समुदायों, समाज और देशों को आकार देने में असाधारण भूमिका निभाई है।'

 

इससे पहले राजधानी के विज्ञान भवन में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में महिलाओं के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान में भारी योगदान करने वाली छह महिलाओं को स्त्री शक्ति पुरस्कार प्रदान किए। हिपनो पदमा कमलाकर (आंध्र प्रदेश) को देवी अहिल्या बाई होल्कर पुरस्कार प्रदान किया गया। कमलाकर समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर हैं और देश की पहली महिला सम्मोहक (हिप्नेटिस्ट) और मनोचिकित्सक परामर्शदाता हैं।

 

कंवलजीत कौर (चंडीगढ़) को नेत्रहीन लड़कियों में आशा जगाने, मार्गदशर्न करने और परामर्श देने के लिए कन्नागी पुरस्कार प्रदान किया गया है। जगमती मलिक (हरियाणा) को सर्वशिक्षा अभियान, कन्या भ्रूणहत्या, संपूर्ण स्वच्छता और सूचना के अधिकार सहित विभिन्न मुद्दों पर स्वयंसेवी दलों के गठन द्वारा महिला सशक्तीकरण के लिए माता जीजा बाई पुरस्कार दिया गया।

 

द्रोपदी घिमिरे को विकलांग बच्चों के लिए कार्य करने हेतु रानी गैदनिलियू जेलिंग पुरस्कार प्रदान किया गया। संध्या पांडे (छत्तीसगढ़) को 1999 में अपनी नेत्र ज्योति खोने के बाद जिंदगी की कठोर विपित्तयों का मजबूती से सामना करने के लिए रानी लक्ष्मी बाई पुरस्कार दिया गया।

 

राखी गुप्ता भंडारी (नई दिल्ली) को महिला सरपंचों को सार्वजनिक कार्यालयों में उपस्थित होने के लिए प्रोत्साहित करके महिलाओं को मुख्यधारा में लाने में विशिष्ट योगदान के लिए रानी रूद्रम्मा देवी पुरस्कार दिया गया है।

 

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा तीरथ ने इस अवसर पर महिलाओं के कल्याण के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर संतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि 56 सरकारी विभागों में स्त्री-पुरूष समानता आधारित बजट प्रकोष्ठ स्थापित किए हैं। तीरथ ने विशेष रूप अर्धशहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में इन योजनाओं को लोकप्रिय बनाने के लिए समाज के सभी वर्गो से अनुरोध किया। (एजेंसी)

First Published: Thursday, March 8, 2012, 10:03

comments powered by Disqus