Last Updated: Monday, September 24, 2012, 21:01

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यहां कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को देश की जनता की आवाज सुनने की फुर्सत नहीं, लेकिन विदेशी मीडिया की रिपोर्ट पर वह ध्यान दे रहे हैं।
यहां राजग के कार्यकर्ता दरबार में नीतीश ने कहा, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को देश की जनता की आवाज सुनने की फुरसत नहीं है, लेकिन विदेशी मीडिया द्वारा ‘अंडर अचीवर’ कहे जाने के बाद वह जन विरोधी फैसलों की झड़ी लगाये हुए हैं। उन्होंने कहा कि मल्टीब्रांड खुदरा व्यवसाय में प्रत्यक्ष विदेशी पूंजी निवेश का फैसला लोक विरोधी है। इससे बडी संख्या में रोजगार कम होगा और भारत का पैसा विदेश में जाएगा।
विपक्ष की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को राज्य में स्थापित सामाजिक समरसता पसंद नहीं आ रही है। विपक्ष सामाजिक समरसता को बाधित करने की लगातार कोशिश कर रहा है। कार्यक्रम में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी ठाकुर भी उपस्थित थे।
सिंह ने कहा कि 25 अप्रैल 2011 से शुरू हुए कार्यकर्ता दरबार में 38 जिलों के कार्यकर्ता भाग ले चुके हैं। आने वाले समय में यह कार्यकर्ता दरबार नये स्वरुप में होगा। इसे दूसरे कार्यक्रम के रूप में चलाया जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, September 24, 2012, 21:01