Last Updated: Wednesday, October 19, 2011, 14:08
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर महंगाई, भ्रष्टाचार और जनता की समस्याओं से कटे होने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री देश में रहे या विदेश में उनका जन समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रहा और हिसार उपचुनाव परिणाम से यह स्पष्ट हो गया है।
मुख्य विपक्षी दल ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वह किसी विषय के समाधान का हिस्सा नहीं हैं बल्कि समस्या का हिस्सा हैं। यह विदेशी धरती से हिसार उपचुनाव परिणाम पर उनकी प्रतिक्रिया से स्पष्ट होता है, जिसमें उन्होंने कहा है कि एक सीट पर हार से संपूर्ण नतीजों का अनुमान नहीं लगाया जा सकता है।
भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस की ओर से भाजपा पर प्रहार करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने रथ यात्रा के दौरान स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नेताओं को अनुशासन में रख रही है, वहीं कांग्रेस पार्टी का रुख इसके उलट है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘हम अपनी छोटी गलतियों को भी स्वीकार करते हैं और इसे सुधारने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हैं। जबकि कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रमंडल खेल में शीला दीक्षित, टू जी स्पेक्ट्रम में पी. चिदंबरम, गोवा खनन घोटाले में दिगंबर कामत, आदर्श हाउसिंग घोटाले में सुशील कुमार शिंदे और विलास राव देशमुख और लोकायुक्त की रिपोर्ट पर दिल्ली के मंत्री राजकुमार चौहान पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से देश की जनता को अभी तक इन विषयों पर कोई जवाब नहीं दिया।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, October 19, 2011, 19:38