जवानों की हत्या पर चुप क्यों हैं PM : जेटली

जवानों की हत्या पर चुप क्यों हैं PM : जेटली

जवानों की हत्या पर चुप क्यों हैं PM : जेटलीनई दिल्ली : भाजपा ने नियंत्रण रेखा पर भारतीय जवानों की हत्या के मामले में प्रधानमंत्री पर मौन साधने का आरोप लगाया और उनकी आलोचना करते हुए कहा कि सरकार के जवाब में कोई स्पष्टता नहीं है।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने यहां एक रैली में कहा, ‘इस देश का इस तरह से अपमान कभी नहीं हुआ।’ उन्होंने कहा कि अफसोस की बात यह है कि घटना को छह दिन हो गये हैं लेकिन प्रधानमंत्री की ओर से कोई बयान नहीं आया है जो किसी लोकतंत्र में देश के सबसे बड़े नेता होते हैं। जेटली ने कहा कि घटना पर सरकार के जवाब में कोई स्पष्टता नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान के साथ रिश्ते किस दिशा में जाएंगे? क्या पाकिस्तान के साथ बातचीत जारी रहनी चाहिए? भारत की प्रतिक्रिया क्या होगी? सरकार की ओर से कोई बयान नहीं आया।’ जेटली ने कहा कि पाकिस्तान ने अनेक जंग हारने के बाद भारत में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दिया है।

उन्होंने कहा, ‘भारत दोस्ती का हाथ बढ़ाना जारी रखता है, सख्त भाषा का इस्तेमाल नहीं करता और उनके जवान हमारी सीमा में आकर दो सैनिकों को मार देते हैं, एक जवान का सिर अपने साथ ले जाते हैं।’ भाजपा इस घटना के बाद पाकिस्तान के साथ शांति वार्ता को निलंबित करने की मांग पहले ही कर चुकी है। पाकिस्तानी सैनिकों ने आठ जनवरी को पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सीमा में घुसकर जवानों की हत्या कर दी थी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 13, 2013, 21:34

comments powered by Disqus