जायसवाल का घर घेरने पहुंचे भाजपाईयों पर लाठीचार्ज

जायसवाल का घर घेरने पहुंचे भाजपाईयों पर लाठीचार्ज

जायसवाल का घर घेरने पहुंचे भाजपाईयों पर लाठीचार्जकानपुर : कोयला आबंटन मामले को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता केन्द्रीय कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के घर का घेराव करने पहुंचे, लेकिन वहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनकी झड़प हो गयी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। एक घंटे तक चले इस हंगामें में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं घायल हो गये। इससे पहले जायसवाल आज सुबह दादानगर इलाके में एक कार्यक्रम में भाग लेने गये थे। वहां भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया था और कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारे लगाये थे।

इसके बाद अपने पूर्व कार्यक्रम के मुताबिक भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता जायसवाल के पोखरपुर स्थित आवस पर पहुंचे। सुबह के हंगामे को देखते हुये पुलिस ने जायसवाल के घर से 200 मीटर पहले ही नाकाबंदी कर दी थी। कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गये और कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उनके हाथो में कोयलामंत्री और प्रधानमंत्री के इस्तीफा की मांग वाली तख्तियां थीं।

विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी के बीच कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रीप्रकाश जायसवाल के पोस्टर पर कालिख पोत दी और पथराव किया। इसी बीच कांग्रेस और श्रीप्रकाश के समर्थक भी मौके पर पहुंच गये और दोनों पक्षों में गरमा-गरम बहस होने लगी। देखते ही देखते यह तू-तू मैं-मै झड़प में बदल गयी और दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक दूसरे को लाठी डंडों से पीटने लगे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव भी किया। इसी बीच पुलिस ने हंगामा बढ़ता देख दोनों पक्षों को तितर-बितर करने के लिये लाठियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं को मामूूली चोटे भी आई।

धरने में शामिल भारतीय जनता पार्टी के विधायक सलिल विश्नोई ने प्रेट्र को बताया कि जायसवाल के गुंडो की पिटाई और पथराव से भाजपा के गोविंदनगर विधायक सत्यदेव पचौरी के पैर में गंभीर चोट लगी है, युवा मोर्चा के अध्यक्ष प्रमोद विश्वकर्मा और पार्टी की महिला नेता नीना अवस्थी के सिर में चोट लगी है। इसके अलावा उसके दो दर्जन कार्यकर्ता भी घायल हो गये हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि जायसवाल ने प्रशासन और कांग्रेसी गुंडो के साथ मिलकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर पथराव और लाठीचार्ज करवाया, जिससे भाजपा की महिला कार्यकर्ता समेत दो दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गये। भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन कांग्रेसी कार्यकर्ता हंगामा करने पर उतारू हो गये। उन्होंने बताया कि इस हंगामें में भाजपा विधायक सत्यदेव पचौरी, युवा मोर्चे के अध्यक्ष और उनकी पार्टी की कई महिला कार्यकर्ताओं समेत करीब दो दर्जन कार्यकर्ता घायल हुये हैं।

विश्नोई ने कहा कि कांग्रेसी कार्यकर्ता पहले से ही लाठी डंडो से लैस होकर मंत्री के घर में बैठे थे। मंत्री के घर से 200 मीटर पहले ही बैरीकैटिंग लगी हुई और जैसे ही भाजपा कार्यकर्ता वहां पहुंचे, कांग्रेसी गुंडो ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया। जायसवाल के निवास स्थान पोखरपुर इलाके में हंगामा इतना बढ गया कि सड़क पर दोनों तरफ भारी जाम लग गया और इस अफरातफरी में आम जनता भी पुलिस और कांग्रेस-भाजपा के हंगामे की चपेट में आ गयी।

भाजपा के हंगामे को देखते हुये जायसवाल के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस कर दी गयी थी। हंगामे के बाद पुलिस बल और बढ़ा दिया गया और उनके घर जाने वाले सभी रास्तों में बैरीकैटिंग लगा दी गयी। इस घटला के बाद इलाके में काफी तनाव है जायसवाल के शहर में आज कई कार्यक्रम हैं और इस हंगामे के बाद प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। हालांकि श्रीप्रकाश जायसवाल से इस घटना पर कोई भी बात करने से इंकार कर दिया है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 2, 2012, 14:59

comments powered by Disqus