'जेटली के फोन की जासूसी के पीछे गहरी साजिश'

'जेटली के फोन की जासूसी के पीछे गहरी साजिश'

'जेटली के फोन की जासूसी के पीछे गहरी साजिश'नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने यहां की एक अदालत में कहा कि भाजपा नेता अरूण जेटली के कॉल विवरण हासिल करने के कथित प्रयास में गहरी साजिश हो सकती है जिसमें देश की सुरक्षा शामिल हो सकती है। वहीं, इस मामले में आज दूसरी गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने यह भी कहा कि वह इस बात की जांच कर रही है कि क्यों इस मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी विभिन्न नेताओं के कॉल विवरण जुटा रहा था।

दिल्ली पुलिस ने मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अपर्णा स्वामी से कहा, ‘‘अब तक की जांच में गहरी साजिश का खुलासा हुआ है। इसमें भारत की सुरक्षा का मामला शामिल हो सकता है।’’ अदालत ने कांस्टेबल अरविंद डबास की पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी। उसे राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली के कॉल का विवरण हासिल करने के प्रयास में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि डबास के अतिरिक्त एक निजी जासूस नीरज को भी इस मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में दोनों सहयोग नहीं कर रहे हैं।

नीरज को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। ऐसा पुलिस को यह जानकारी मिलने के बाद किया गया है जिसमें बताया गया है कि उसने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में पदस्थापित पुलिसकर्मी डबास से कहा है कि वह जेटली के फोन रिकार्ड को हासिल करे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में दो और लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया, ‘‘आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किया गया ई-मेल पता आदि आधिकारिक एनआईसी डोमेन हैं। इसमें भारत की सुरक्षा शामिल हो सकती है।’’ पुलिस ने कहा, ‘‘समूची साजिश का पता लगाया जाना है। हमें यह पता लगाना है कि आरोपियों के कृत्य के पीछे क्या उद्देश्य था।’’ पुलिस ने कहा, ‘‘हमें इस बात का पता लगाने की आवश्यकता है कि वे क्यों विभिन्न नेताओं का कॉल विवरण जुटा रहे थे और आरोपी किस हद तक जुड़े हुए थे।’’ भाजपा ने कहा कि वह दिल्ली पुलिस की जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा करेगी ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि क्या घटना बड़ी साजिश का हिस्सा थी।

भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूड़ी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह कुटिल और बड़ी साजिश हो सकती है। क्यों कॉल विवरण जुटाए जा रहे थे यह चिंता का विषय है। अगर व्यापक राजनैतिक साजिश है तो जांच के बाद इसका खुलासा किया जाएगा।’’ (एजेंसी)

First Published: Monday, February 18, 2013, 21:16

comments powered by Disqus