Last Updated: Sunday, February 17, 2013, 08:54

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने नेता अरुण जेटली की अनधिकृत निगरानी किए जाने को लेकर गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे से सफाई की मांग की। इस मामले में गिरफ्तार सिपाही ने हालांकि बताया है कि उसने निजी कारणों से कॉल डिटेल इकट्ठा किया था। भाजपा ने इसे एक गंभीर मामला बताया और शिंदे से जेटली का फोन कॉल डिटेल मुहैया कराने का आदेश देने वाले व्यक्ति पर खुलकर सामने आने को कहा। जेटली राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं।
भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा, जिस तरीके से कॉल डिटेल इकट्ठा किया गया, उससे मामला गंभीर हो गया है। इस काम के पीछे जो भी व्यक्ति संलिप्त हो उसे दंडित किया जाना चाहिए। जेटली की कॉल डिटेल तक पहुंचने की कोशिश दिल्ली पुलिस के एक 23 वर्षीय सिपाही अरविंद डबास ने की थी। दरअसल, वह जेटली और उत्तराखंड के एक नेता के बीच संपर्क को जांचना चाहता था। उत्तराखंड के इस नेता ने उत्तराखंड में एक प्रॉपर्टी डील का मामला जेटली के मार्फत सुलझाने का आश्वासन दिया था। डबास को शुक्रवार को जेटली के फोन डिटेल तक पहुंचने की कोशिश करने के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 17, 2013, 08:54