Last Updated: Monday, November 5, 2012, 18:28
नई दिल्ली : वरिष्ठ वकील और भाजपा के राज्यसभा सदस्य राम जेठमलानी के बेटे महेश जेठमलानी के पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से इस्तीफे और पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी की आलोचना की बात मीडिया में पहुंचने पर नाराजगी जताते हुए पार्टी नेतृत्व ने कहा कि इस तरह की चीजें पार्टी को तोड़ती हैं और इनसे बचना चाहिए।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से इस्तीफा देने के चलते महज तकनीकी तौर पर पार्टी के सदस्य बने हुए जेठमलानी ने खबरों के मुताबिक गडकरी को पत्र लिखकर कहा था कि जब तक आप अध्यक्ष हैं तब तक नैतिक और वैचारिक तौर पर भाजपा की सेवा करना अनुचित है। गडकरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचने से पहले यह पत्र लीक हो गया।
इस घटनाक्रम पर भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूढ़ी ने कहा, मैंने खत नहीं देखा है और इसमें क्या लिखा है, उस बारे में नहीं जानता। लेकिन भाजपा शायद सदस्यों की संख्या के मामले में सबसे बड़ी पार्टी है और अगर हर सदस्य मीडिया के पास इस तरह का पत्र ले जाता है तो इससे पार्टी को नुकसान होगा। यह पार्टी के हित में नहीं है। रूढ़ी ने कहा कि अगर खत केवल गडकरी को ही मिलता तो बेहतर होता।
उन्होंने गडकरी का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने खुद को जांच के लिए पेश किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस द्वारा भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ कराई जा रही जांच द्वेषपूर्ण तरीके से की जा रही है। क्या जेठमलानी ने गडकरी पर पद छोड़ने के लिए दबाव बनाने के लिहाज से यह कदम उठाया है तो रूढ़ी ने कहा, किसी तरह के दबाव का सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि गडकरी के खिलाफ आरोपों पर पहले ही पार्टी के भीतर चर्चा हो चुकी है। (एजेंसी)
First Published: Monday, November 5, 2012, 18:28