Last Updated: Monday, November 26, 2012, 18:31

नई दिल्ली : प्रख्यात अधिवक्ता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद राम जेठमलानी ने सोमवार को कहा कि उन्होंने पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। हालांकि उन्होंने इसका विवरण देने से इनकार कर दिया। जेठमलानी ने विवादित भूमि सौदों में गडकरी का नाम सामने आने के बाद उसने इस्तीफे की मांग की थी।
जेठमलानी ने संवाददाताओं से कहा, मैंने पार्टी अध्यक्ष को एक पत्र लिखा है लेकिन इस स्थिति में नहीं हूं कि विवरण का खुलासा कर सकूं। उन्होंने कहा, आप इसका विवरण उनसे हासिल कर सकते हैं। मैंने उनसे (भाजपा से) कह दिया है कि आप इसे प्रेस के लिए जारी कर सकते हैं। जब तक यह पत्र पार्टी अध्यक्ष तक नहीं पहुंच जाता तब तक मैं मामले को गुप्त रखने की शपथ से बंधा हुआ हूं।
गौरतलब है कि भाजपा ने रविवार को अनुशासन भंग करने और पार्टी अध्यक्ष के खिलाफ बोलने के कारण जेठमलानी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलम्बित कर दिया था और आज उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजा है।
जेठमलानी ने शनिवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) प्रमुख की नियुक्ति का विरोध करने पर अपनी पार्टी के रवैये की आलोचना की थी। इससे पार्टी को शर्मिदगी उठानी पड़ी।
उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता अरुण जेटली एवं सुषमा स्वराज ने सिन्हा की नियुक्त पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आलोचना की थी। भाजपा नेताओं ने नियुक्ति रद्द कर लोकपाल पर संसद की प्रवर समिति की अनुशंसा के आधार पर करने की मांग की थी। (एजेंसी)
First Published: Monday, November 26, 2012, 18:31