टीम अन्ना के अनशन में तीसरे दिन भी कम भीड़

टीम अन्ना के अनशन में तीसरे दिन भी कम भीड़

नई दिल्ली : टीम अन्ना द्वारा भ्रष्टाचार विरोधी सख्त लोकपाल विधेयक के लिए जंतर मंतर पर शुरू अनिश्चितकालीन अनशन के तीसरे दिन शुक्रवार को भी काफी कम भीड़ जमा हो पाई है। दोपहर 12 बजे तक अनशन स्थल पर मात्र लगभग 400 लोग ही थे, जबकि टीम अन्ना द्वारा इसके पहले दिल्ली में किए गए विरोध प्रदर्शनों में हजारों लोग मौजूद रहते थे। लेकिन अन्ना हजारे ने शुक्रवार सुबह कहा कि भीड़ कोई मायने नहीं रखती।

अन्ना ने जंतर मंतर पर कहा कि भीड़ जुटने से कोई आंदोलन मजबूत नहीं होता। आंदोलन की सफलता और विफलता भीड़ के आकार पर निर्भर नहीं होती। अनशनरत अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य के बारे में पूछे जाने पर अन्ना ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात नहीं है।

आंदोलन के भविष्य के बारे में अन्ना ने कहा कि सरकार (लोकपाल विधेयक पर) सहमत होती है या नहीं, हमें इससे कुछ भी लेना-देना नहीं है। हमें देश और समाज की भलाई के लिए अपना कर्तव्य निभाना है। सरकार सहमत नहीं होती है, तो हमारा आंदोलन जारी रहेगा। लेकिन अन्ना ने यह भी कहा कि उन्हें आशा है कि लोकपाल विधेयक देर-सबेर जरूर पारित होगा।

अन्ना ने कहा कि वे (सरकार) इंग्लैंड या पाकिस्तान से नहीं आए हैं। वे हमारे अपने लोग हैं। और यदि वे देश और जनता के बारे में नहीं सोचते हैं, तो दोषी किसे ठहराया जाएगा? वे इस बारे में क्यों नहीं सोचते? देश की जनता ने आपको चुना। क्या लोकपाल विधेयक पारित करना उनका कर्तव्य नहीं है? (एजेंसी)

First Published: Friday, July 27, 2012, 19:24

comments powered by Disqus