डीएनए टेस्ट से हुई हमजा की पहचान

डीएनए टेस्ट से हुई हमजा की पहचान

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्‍ली : मुंबई में 26/11 को हुए हमले के आरोप में गिरफ्तार जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू हमजा उर्फ अबू जुंदाल को लेकर रोज नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक अबू हमजा की पहचान हो सके इसके लिए जो डीएनए टेस्ट कराया गया था वह बेहद खुफिया तरीके से हुआ था।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हमजा के परिवार को जानकारी दिए बिना उसके पिता के खून का नमूना लिया गया था। इसके लिए पूरा खुफिया जाल बिछाया गया। मुंबई पुलिस के एक बड़े अधिकारी को इस अहम ऑपरेशन में लगाया गया था। इस पुलिस अधिकारी ने बीड़ में मौजूद मुखबिरों की पूरी लिस्ट निकाली। इसी लिस्ट में एक मुखबिर को ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया।

जानकारी के अनुसार, मुखबिर को कहा गया कि वह हमजा के पिता से किसी न किसी बहाने झगड़ा करता रहे और इसी दौरान एक दिन ऐसा होगा कि उसके पिता को अस्पताल में भर्ती कराना पड़े। तय योजना के मुताबिक ऐसा ही हुआ और जब एक दिन हमजा का पिता अस्पताल पहुंचा तो डीएनए टेस्ट के लिए उसका खून का नमूना ले लिया गया। असल में डीएनए टेस्ट की जरूरत इसलिए पड़ी क्योंकि पाकिस्तान हमजा को भारत को नहीं सौंपने के लिए सऊदी अरब पर दबाव बना रहा था। हालांकि अबू हमजा की मां बीड़ में इस बात का खंडन कर चुकी है कि हमजा की पहचान के लिए उसके परिवारवालों के खून के नमूने लिए गए।

First Published: Friday, June 29, 2012, 14:49

comments powered by Disqus