तवांग में भाजपा की शहीद श्रद्धांजलि यात्रा सम्पन्न

तवांग में भाजपा की शहीद श्रद्धांजलि यात्रा सम्पन्न

तवांग में भाजपा की शहीद श्रद्धांजलि यात्रा सम्पन्नतवांग (अरुणाचल प्रदेश) : भारत-चीन युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा शुरू की गई शहीद श्रद्धांजलि यात्रा रविवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के तवांग में एक रैली के साथ सम्पन्न हो गई। रैली से पहले यह यात्रा चीन की सीमा से लगे बोमला सेक्टर पहुंची और वहां यात्रा में शामिल लोगों ने देश के पक्ष में जमकर नारेबाजी की। बोमला सेक्टर से वापस लौटकर तवांग में एक रैली का आयोजन किया गया, और यहीं पर यात्रा के समापन की घोषणा की गई।

ज्ञात हो कि बोमला सेक्टर चीन की सीमा से लगा भारत का अंतिम छोर है, और 1962 में चीनी सेना ने यही से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया था और देश पर हमला किया था। गुवाहाटी से शुरू हुई यह यात्रा तेजपुर, भालुकपोंग, बोमडिला, दिरांग और जसवंतगढ़ होते हुए दुर्गम पहाड़ियों के बीच से लगभग 630 किलोमीटर का सफर पूरा कर रविवार को तवांग पहुंची थी।

तय कार्यक्रम के अनुसार यात्रा का समापन पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को करना था। लेकिन खराब मौसम के कारण उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया। यात्रा के दौरान युद्ध में शहीद जवानों की याद में विभिन्न स्थानों पर बने आधा दर्जन युद्ध स्मारकों पर फूल मालाएं चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

ज्ञात हो कि चीन ने हिंदी-चीनी भाई-भाई के नारे की आड़ में 20 अक्टूबर 1962 को देश पर हमला बोल दिया था। वह भारतीय सीमा में 38 किलोमीटर अंदर तक आ पहुंचा था। चीनी सेना तेजपुर के नजदीक आने के बाद वापस लौट गई थी। इस युद्ध में लगभग 3,260 सैनिक शहीद हुए थे। पूर्वोत्तर के विकास का जायजा लेने एवं युद्ध के शहीदों को याद करने के उद्देश्य से भाजयुमो ने यह यात्रा निकाली है। भाजपा की इस यात्रा के मद्देनजर पूरा तवांग शहर तिरंगे के साथ-साथ भगवा रंग में भी रंग गया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने गुरुवार को असम के तेजपुर से इस यात्रा को रवाना किया था। (एजेंसी)

First Published: Sunday, October 21, 2012, 15:01

comments powered by Disqus