तीसरा मोर्चा कभी हकीकत नहीं बनेगा: नायडू

तीसरा मोर्चा कभी हकीकत नहीं बनेगा: नायडू

तीसरा मोर्चा कभी हकीकत नहीं बनेगा: नायडूनई दिल्ली : अगले लोकसभा चुनावों में तीसरे मोर्चे के सत्ता में आने की संभावना को खारिज करते हुए भाजपा के नेता वैंकेया नायडू ने आज कहा कि यह विचार ‘आजमाया हुआ और विफल हो चुका प्रयोग’ है, जो कभी हकीकत नहीं बनने वाला। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल अपने आप को एक विकल्प के तौर पर पेश नहीं कर सकते।

वैंकेया ने कहा, ‘‘इस देश में तीसरे मोर्चे की कोई संभावना नहीं है। तीसरे मोर्चे के विचार को आजमाया जा चुका है और यह एक विफल प्रयोग साबित हुआ है। यह कभी भी हकीकत में नहीं बदलेगा।’’ अनिवार्य मतदान के कानून की व्यवस्था की मांग करते हुए आंध्रप्रदेश के एक कार्यकर्ता द्वारा तीन दिवसीय अनशन से इतर नायडू ने कहा, ‘‘भाजपा जैसा कोई राष्ट्रीय दल ही विकल्प बनेगा।’’ नायडू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को समर्थन दे रहा हर दल ‘उनके भ्रष्टाचार में भागीदार हैं।’

उन्होंने कहा, ‘‘वे अपने आप को एक विकल्प के रूप में पेश नहीं कर सकते। मुझे इस बात का यकीन है कि लोग कांग्रेस को हटाना चाहते हैं और भाजपा व राजग को वापस लाना चाहते हैं। भाजपा जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार है।’’ भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में पूछे जाने पर नायडू ने कहा कि इसका निर्णय पार्टी के द्वारा सही समय पर लिया जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 23, 2013, 15:48

comments powered by Disqus