Last Updated: Friday, May 18, 2012, 17:10
नई दिल्ली : दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और झारखण्ड सहित पूरे उत्तर भारत में लोग तेज धूप व गर्म हवाओं से परेशान हैं। धूप व गर्म हवाओं के कारण दिन में घर से बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। उत्तर भारत में पारा लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है।
मौसम विभाग ने फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी धूप व गर्म हवाओं से लोगों का बुरा हाल है। शुक्रवार सुबह धूल छाई रही। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधितकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, धूल भरी आंधी राजस्थान के थार मरुस्थल से चल रही है, जो दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी पहुंच रही है।
उत्तर प्रदेश में भी अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जो इस मौसम का अधिकतम है। बीते 24 घंटों के दौरान इलाहाबाद सबसे गर्म स्थान रहा, जहां का अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बांदा का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी का 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकिराजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह लखनऊ का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक है।
बिहार में राजधानी पटना सहित करीब सभी इलाकों में पिछले एक सप्ताह से चल रही गर्म पछुआ हवाओं और चिलचिलाती धूप ने लोगों का बाहर निकलना दूभर कर दिया है। पटना मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह पटना का तापमान 26़1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गया का 27.8 डिग्री सेल्सियस और भागलपुर का 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना तथा आसापास के इलाकों में शुक्रवार को सुबह से ही धूप तेज थी। मौसम केंद्र के निदेशक ए.के. सेन ने बताया कि अगले 12 घंटे में मौसम में कोई खास बदलाव की सम्भावना नहीं है।
मध्य प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है, लेकिन गर्मी से लोगों को निजात नहीं मिल रही। जहां धूप चुभ रही है, वहीं गर्म हवाओं के थपेड़े झुलसा देने वाले हैं। मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से जारी ब्यौरे के अनुसार, राज्य के अनेक हिस्सों में अधिकतम तापमान में एक से डेढ़ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। लेकिन गर्मी बरकरार है। दोपहर में हवाएं झुलसा देने वाली थीं। राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 40, ग्वालियर में 42.1 और जबलपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(एजेंसी)
First Published: Friday, May 18, 2012, 22:40