Last Updated: Wednesday, July 10, 2013, 09:35
हैदराबाद : लंबे समय से लंबित तेलंगाना मुद्दे पर शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में अंतिम निर्णय करने की संभावना के बीच आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस महासचिव एवं आंध्र प्रदेश के पार्टी मामलों के प्रभारी दिग्विजय सिंह ने आज दिल्ली में संकेत कांग्रेस कोर समिति अलग राज्य के मुद्दे पर 12 जुलाई को होने वाली बैठक में निर्णय करेगी।
सूत्रों ने कहा कि ऐसा माना जाता है कि सिंह ने मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी को फोन किया और उनसे शुक्रवार को ‘तैयारी के साथ’ दिल्ली आने को कहा। इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री दामोदर राजनरसिम्हा और कांग्रेस प्रदेश इकाई अध्यक्ष बी सत्यनारायण को इस महत्वपूर्ण बैठक और इस मुद्दे को सुलझाने के वास्ते ‘रूपरेखा’ प्रस्तुत करने के लिए दिल्ली बुलाया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के अनुसार इस बैठक के महत्व का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि राज्य मंत्रिमंडल की बैठक टाल दी गई है क्योंकि मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष इस बैठक के लिए दिल्ली रवाना हो रहे हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 10, 2013, 09:35