Last Updated: Thursday, March 29, 2012, 07:55

नई दिल्ली :लोकसभा में गुरुवार को अलग तेलंगाना राज्य, सेतुसमुद्रम और कावेरी जल विवाद के मुद्दे पर जबरदस्त हंगामा हुआ, जिसके बाद सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही आंध्र प्रदेश से तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), कांग्रेस तथा तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सदस्यों ने अलग तेलंगाना राज्य का मुद्दा उठाया। सांसदों ने लगातार चौथे दिन इस मुद्दे पर हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही पहले दोपहर तक और फिर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
दोपहर दो बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा, जिसके बाद कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। कुछ सदस्यों ने सेतुसमुद्रम को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग की, जिसका निर्माण पौराणिक कथाओं के अनुसार भगवान श्रीराम ने किया था। भाजपा सांसदों ने कावेरी जल विवाद में कर्नाटक के साथ न्याय की मांग की। उनके हाथों में मांगों के समर्थन में नारे लिखी तख्तियां थीं।
लोकसभा में आंध्र प्रदेश से तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), कांग्रेस तथा तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सदस्यों ने अलग तेलंगाना राज्य का मुद्दा उठाया। उन्होंने हाथों में तख्तियां ले रखी थी, जिन पर 'अनिर्णय के कारण मासूमों की मौत' और 'तलंगाना विधेयक लाओ, जय तेलंगाना' जैसे नारे लिखे थे।
कुछ सदस्यों ने सेतुसमुद्रम को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की मांग की, जिसका निर्माण पौराणिक कथाओं के अनुसार भगवान श्रीराम ने किया था। वहीं, भाजपा सांसदों ने कावेरी जल विवाद में कर्नाटक के साथ न्याय की मांग की। उनके हाथों में भी मांगों के समर्थन में नारे लिखी तख्तियां थीं। पार्टी ने निचले सदन में प्रश्नकाल स्थगित कर कावेरी जल विवाद और कर्नाटक में सूखे की स्थिति पर चर्चा कराने की मांग की। भाजपा ने राज्य में सूखे जैसी स्थिति के लिए राहत पैकेज की मांग की।
शिवसेना के सांसदों ने महाराष्ट्र में विदर्भ क्षेत्र के किसानों के लिए राहत पैकेज की मांग की। बढ़ते हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर तक के लिए स्थगित कर दी गई। उधर, राज्यसभा में भी यही स्थिति रही। भाजपा सांसद एम. वेंकैया नायडू ने सेतुसमुद्रम का मुद्दा उठाया। तेलंगाना क्षेत्र के सांसदों ने भी अपनी मांगों के समर्थन में नारे लिखी तख्तियां हवा में लहराई। हंगामे को देखते हुए पहले 15 मिनट तक के लिए और फिर दोपहर तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, March 29, 2012, 19:15