Last Updated: Tuesday, September 24, 2013, 16:57
नई दिल्ली : गृह मंत्रालय ने शायद पहली बार सांप्रदायिक हिंसा में मारे गये लोगों के धर्म की पहचान की है। मंत्रालय का कहना है कि इस साल दंगों में 107 लोगों की जान गयी, जिनमें से 66 मुस्लिम और 41 हिंदू थे।
मंत्रालय की ओर से जारी एक दस्तावेज में कहा गया है कि देश में 15 सितंबर तक मुजफ्फरनगर दंगों सहित कुल 479 दंगे हुए, जिनमें 107 लोगों की जान गयी।
मृतकों के मामले में सभी राज्यों में उत्तर प्रदेश 62 की संख्या के साथ शीर्ष पर रहा। इन 62 मृतकों में से 42 मुस्लिम और 20 हिंदू थे। उत्तर प्रदेश में 2013 के पहले नौ महीनों के दौरान 93 दंगे हुए। इसके अलावा 108 मौकों पर राज्य में तनाव की स्थिति बनी।
कुल मिलाकर इस साल अब तक सांप्रदायिक गड़बड़ियों में देश भर में 1697 लोगों की जान गयी, जिनमें से 794 हिंदू और 703 मुस्लिम थे। इस साल दंगों में घायल हुए लोगों में 200 पुलिसकर्मी शामिल थे।
उत्तर प्रदेश में 2013 के दौरान दंगों में कुल 219 मुस्लिम और 134 हिंदू घायल हो गये। बिहार में 2013 के दौरान सांप्रदायिक गड़बड़ी के 40 मामले हुए और 25 मौकों पर स्थिति तनावपूर्ण बनी। बिहार में हुए दंगों में नौ लोगों की मौत हुई, जिनमें से पांच हिंदू और चार मुस्लिम थे। घायलों की बात करें तो बिहार में 123 हिंदू और 66 मुस्लिम दंगों के दौरान घायल हुए। 19 पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
गुजरात में 2013 में सांप्रदायिक हिंसा की 54 घटनाएं हुई और 21 मौकों पर तनावपूर्ण स्थिति बनी। हिंसा में छह लोगों की जान गयी, जिनमें से तीन हिंदू और इतने ही मुस्लिम शामिल थे। घायलों के मामले में गुजरात में 85 हिन्दू, 57 मुस्लिम और पांच पुलिसकर्मी घायल हुए। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, September 24, 2013, 16:57