Last Updated: Friday, December 2, 2011, 14:41
नई दिल्ली : भारत के लोगों से भ्रष्टाचार मिटाने के लिए ‘ज्यादा सजग’ होने का आग्रह करते हुए तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने कहा कि वह गांधीवादी अन्ना हजारे के आंदोलन का ‘पूरी तरह से’ समर्थन करते हैं। दलाई लामा ने हालांकि आंदोलन के तरीके पर ज्यादा कुछ बोलने से इनकार कर दिया।
तिब्बतियों को 'गुरु भारत' का ‘चेला’ बताते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे ‘चेले’ को शर्मिंदा महसूस कराते हैं। दलाई लामा ने कहा कि भारत के लोगों की यह धारणा है कि भ्रष्टाचार जीवन का हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों और व्यापारियों से इस संबंध में बातचीत के बाद वह इस निष्कर्ष पर पहुंचे।
उन्होंने कहा, ‘कई लोगों का उनके (अन्ना हजारे के) तरीके के बारे में अलग-अलग नजरिया है। लेकिन प्रेरणा बहुत महत्वपूर्ण है। लोगों ने यह सोचना शुरू कर दिया है कि भ्रष्टाचार जिंदगी का हिस्सा बन गया है। यह आंदोलन देश और नेताओं को याद दिलाता है कि भ्रष्टाचार पूरी तरह से गलत है।’
(एजेंसी)
First Published: Friday, December 2, 2011, 20:11