दिग्विजय को कांग्रेस संजीदगी से नहीं लेती, हम क्यों लें: भाजपा

दिग्विजय को कांग्रेस संजीदगी से नहीं लेती, हम क्यों लें: भाजपा

दिग्विजय को कांग्रेस संजीदगी से नहीं लेती, हम क्यों लें: भाजपानई दिल्ली : नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह की टिप्पणियों पर भाजपा ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी तक उनको गंभीरता से नहीं लेती है तो वह उनकी बातों पर प्रतिक्रिया क्यों करे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने यहां कहा, ‘वह जो कहना चाहें कहें। लेकिन मैं उनकी टिप्पणियों को गंभीरता से क्यों लूं, जब उनकी पार्टी ही उन्हें संजीदगी से नहीं लेती है।’

सिंह पर कटाक्ष करते हुए प्रसाद ने कहा कि वह कुंठा के चलते ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं। उनकी कुंठा की वजह जनमत सर्वेक्षण हैं जिनमें प्रधानमंत्री पद के लिए मोदी को सबसे बड़ा दावेदार बताया जा रहा है जबकि कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी उनके आस-पास भी नहीं हैं।

प्रसाद ने कहा, ‘जनता मोदी को चाहती है। सिंह को जो कहना है, कहें।’ दिग्विजय ने आज ट्वीट किया है, ‘भाजपा आरएसएस और रामदेव की धमकियों के आगे झुक गई और मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया। क्या हम अब भी आरएसएस को सांस्कृतिक संगठन कहें?’

उन्होंने यह भी कहा कि मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी सहित सभी पार्टी नेताओं के साथ छल किया है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, September 14, 2013, 18:22

comments powered by Disqus