दिग्विजय-टीम अन्‍ना के बीच वाकयुद्ध तेज - Zee News हिंदी

दिग्विजय-टीम अन्‍ना के बीच वाकयुद्ध तेज



नई दिल्ली/आगरा : दिग्विजय सिंह और टीम अन्‍ना के बीच वाकयुद्ध रविवार को और तेज हो गया जब कांग्रेसी नेता ने सामाजिक कार्यकर्ता पर राष्ट्रपति पद की महत्वाकांक्षा पालने का आरोप लगाया जबकि गांधीवादी कार्यकर्ता के सहयोगियों ने सत्तारूढ़ पार्टी पर कपट और भ्रष्टाचार की राजनीति करने का आरोप लगाया।

 

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासंघ के राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने आगरा आए सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि मैं नहीं जानता कि इसमें कितनी सच्‍चाई है लेकिन मुझे बताया गया है कि हज़ारे को 2012 में सभी कांग्रेस विरोधी दलों की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने की पेशकश की गई है। उन्होंने कहा कि अन्ना हमेशा से कहते रहें हैं कि वह राजनीति में नहीं हैं लेकिन मुझे बताया गया है कि भाजपा ने उन्हें 2012 में राष्ट्रपति पद का सर्वदलीय उम्मीदवार बनाये जाने की पेशकश की है।

 

बहरहाल, हजारे के सहयोगी अरविंद केजरीवाल ने सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि  कुछ लोग कह रहे हैं कि हम राजनीति कर रहे हैं। हम शुरू से कहते रहे हैं कि हम राजनीति कर रहे हैं, लेकिन हम दलगत या वोट बैंक की राजनीति नहीं कर रहे हैं बल्कि लोगों के लिए राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे (कांग्रेस) भ्रष्टाचार, सत्ता, बेइमानी और कपट की राजनीति करते हैं। केजरीवाल ने खबरों में आए सिंह के उस बयान की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने हिसार उपचुनाव के कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण नहीं होने की बात कही थी।

 

केजरीवाल ने कहा कि मैं समझता हूं कि यह हिसार के लोगों का अपमान है और उन्हें इस विषय पर संज्ञान लेना चाहिए। कांग्रेस खुले तौर पर कह रही है कि उसे वोट नहीं चाहिए। वहीं, दिग्विजय सिंह ने कहा है कि अन्ना हज़ारे सभी कांग्रेस विरोधी दलों का मुखौटा हैं और भाजपा उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने का इरादा रखती है।
सिंह ने कहा कि हज़ारे हरियाणा की हिसार लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में मतदाताओं से कांग्रेस के खिलाफ मतदान करने की अपील कर रहे हैं, जबकि उन्हें अन्य दलों के उम्मीदवारों की असलियत पूरी तरह पता है। उन्होंने कहा कि अन्ना हज़ारे सभी कांग्रेस विरोधी दलों का मुखौटा हैं। कांग्रेसी नेता ने कहा कि कांग्रेस पिछले बीस वर्षों से राज्य में सत्ता में नहीं है, आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति जुटा लेने के लिए उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती तथा सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अभियान चलाने के बजाय हज़ारे अगले वर्ष विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हराने के लिए तीन दिन का अनशन करने की योजना रखते हैं। उन्होंने कहा कि हज़ारे पक्ष के सभी सदस्यों की विचाराधारा कांग्रेस विरोधी है। सिंह ने कहा कि उनके पास आरएसएस का पत्र है, जिसमें संगठन ने बाबा रामदेव और अन्ना हजारे के आंदोलन का समर्थन देने की बात कही है। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 10, 2011, 12:35

comments powered by Disqus