Last Updated: Monday, October 24, 2011, 11:00
नई दिल्ली : भाजपा नेता वरुण गांधी ने कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह को सोमवार को उनकी उस टिप्पणी के लिए आड़े हाथ लिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा और टीम अन्ना के बीच मिलीभगत है। वरुण ने कहा कि सिंह को हवा में तीर चलाना बंद कर देना चाहिए।
सिंह ने अपनी कई टिप्पणियों में अन्ना और उनके साथियों को भाजपा तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के करीब बताया है। उनका आरोप है कि रामलीला मैदान पर अन्ना ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्थन से आंदोलन चलाया। उनके इस दावे का गांधीवादी कार्यकर्ता ने खंडन किया है, लेकिन संघ ने इस बात को स्वीकार किया है। गांधी ने कांग्रेस महासचिव को आड़े हाथ लेते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘भाजपा और टीम अन्ना के बीच क्या संबंध है? मैं जनलोकपाल विधेयक का घोषित समर्थक हूं,लेकिन इसके बावजूद मैंने कभी केजरीवाल, बेदी या अन्ना से बातचीत नहीं की और न ही उनसे कभी मिला।’
उन्होंने कहा कि हर भारतीय की तरह, मैं भी भ्रष्टाचार और उससे निपटने वाली व्यवस्था की अक्षमता से तंग आ चुका हूं। दिग्विजय जी को हवा में तीर चलाना बंद कर देना चाहिए। ऐसा प्रतीत होता है कि गांधी ने इस मुहावरे का इस्तेमाल काल्पनिक दुश्मनों पर निशाना साधने या अपराजेय लोगों से लड़ने या निरर्थक संघर्ष करने के संदर्भ में किया है ताकि वह यह बता सकें कि सिंह ऐसी बात पर विवाद उत्पन्न करना चाह रहे हैं, जिसका कोई वजूद ही नहीं है।
गांधी ने कहा है कि उन्होंने कभी अन्ना से मुलाकात नहीं की, लेकिन जब गांधीवादी कार्यकर्ता जनलोकपाल के लिए अनशन कर रहे थे तब वह रामलीला मैदान गए थे।
(एजेंसी)
First Published: Monday, October 24, 2011, 16:30