Last Updated: Saturday, December 22, 2012, 08:54
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोनई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में बीते रविवार की रात चलती बस में गैंगरेप एवं वीभत्स हमले की शिकार हुई फिजियोथिरेपी की छात्रा की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है लेकिन उसे फिलहाल जीवनरक्षक प्रणाली (वेंटीलेटर) से हटा लिया गया है और अब वह बोलने की कोशिश कर रही है। सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सकों ने उसके लीवर में भी संक्रमण फैलने की आशंका जताई है।
अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराए जाने के बाद अब तक पीड़ित छात्रा के पांच ऑपरेशन हो चुके हैं। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा पर इलाज का मिलाजुला असर हो रहा है लेकिन संक्रमण फैलने की वजह से उसके लीवर की हालत ठीक नहीं है। चिकित्सकों का कहना है कि छात्रा का जीवन इस बात पर निर्भर करता है कि उसका खून कितना संक्रमण सह पाता है।
इस बीच गैंगरेपर की शिकार 23 वर्षीय युवती को शहर के एक अस्पताल ने पीड़िता को मुफ्त आंत प्रत्यारोपण की पेशकश की है। मध्य दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल ने बाद के इलाज में होने वाले सभी खर्च भी वहन करने का प्रस्ताव दिया है। सर गंगाराम अस्पताल के (प्रबंधन मंडल के) चेयरमैन डी.एस. राणा ने सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक बी.डी. नाथानी को इस प्रस्ताव से अवगत कराया है। मालूम हो कि पीड़िता का सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। उधर, इस घटना के खिलाफ राजधानी में शुक्रवार को लगातार पांचवे दिन जगह-जगह धरने और प्रदर्शन किए गए।
First Published: Saturday, December 22, 2012, 08:54