दिल्ली गैंगरेप: विरोध प्रदर्शन अब भी जारी

दिल्ली गैंगरेप: विरोध प्रदर्शन अब भी जारी

दिल्ली गैंगरेप: विरोध प्रदर्शन अब भी जारीनई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई 23 वर्षीय युवती के लिए न्याय तथा दुष्कर्म के खिलाफ कठोर कानून की मांग को लेकर दिल्ली में बुधवार को भी प्रदर्शन जारी है। सैकड़ों लोग राजधानी के मध्य जंतर मंतर पर अपनी आवाज बुलंद करने जमा हो गए हैं।

भूख हड़ताल पर बैठे राजेश गंगवार और बाबू सिंह ने हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बावजूद एक और रात अनशन स्थल पर ही बिताई। जबकि बुधवार तड़के पारा 4.8 डिग्री सेल्सियस पर लुढ़क गया। उत्तर प्रदेश के बरेली से सम्बंध रखने वाले गंगवार के अनशन का बुधवार को 10वां दिन है। जबकि उत्तर प्रदेश के फरूखाबाद के बाबू सिंह आज अपने अनशन के पांचवें दिन में प्रवेश कर गए।

दोनों भूख हड़ताली, युवती के साथ चलती बस में दुष्कर्म करने वाले सभी छह आतताइयों को तत्काल फांसी पर लटकाने की मांग कर रहे हैं। सभी छह आरोपी गिरफ्तार हैं और तिहाड़ जेल में कैद हैं। गैर सरकारी संगठन, मिशन जन जागृति के चिकित्सा निदेशक एन.के. भाटिया ने गंगवार और बाबू सिंह के स्वास्थ्य की जांच की। उन्होंने कहा कि उनके प्रमुख स्वास्थ्य मानक सामान्य हैं। अन्य प्रदर्शनकारी दुष्कर्म के आरोपियों को दंडित किए जाने और दुष्कर्म के सभी मामलों में न्याय की मांग कर रहे हैं। ऐसे कई प्रदर्शनकारियों ने भी प्रदर्शनस्थल पर ही रात बिताई। लेकिन सुबह होने के साथ वहां भीड़ जमा होनी शुरू हो गई। प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। और सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मी किसी भी स्थित से निपटने के लिए वहां लगातार मुस्तैद हैं। कुछ गैर सरकारी संगठनों को प्रदर्शनकारियों में गरम दूध वितरित करते देखा गया। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 2, 2013, 14:30

comments powered by Disqus