दिल्ली पहुंचे मोदी, भाजपा कार्यकारिणी में हुआ भव्य अभिनंदन

दिल्ली पहुंचे मोदी, भाजपा कार्यकारिणी में हुआ भव्य अभिनंदन

दिल्ली पहुंचे मोदी, भाजपा कार्यकारिणी में हुआ भव्य अभिनंदननई दिल्ली : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का भाजपा में बढ़ता हुआ कद आज पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में साफ नजर आया जब भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने उनका विशेष अभिनंदन किया।

पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं को बताया, ‘पार्टी अध्यक्ष ने नरेंद्र मोदी का विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने इस बार भी गुजरात विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत से जीत हासिल कर भाजपा के ऐसे पहले मुख्यमंत्री होने का गौरव प्राप्त किया है जिनके नेतृत्व में लगातार तीसरी बार किसी प्रदेश में पार्टी की सरकार बनी है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने भी मोदी का अभिनंदन किया।’

वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी, लोकसभा और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज तथा अरुण जेटली, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में राजनाथ ने जहां देश में संप्रग सरकार के शासन को विफल बताया वहीं मोदी के शासन की सराहना की।

प्रसाद के मुताबिक पार्टी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पूरी दुनिया में भाजपा के शासन वाले राज्यों के प्रदर्शन की चर्चा हो रही है। राजनाथ ने इसमें गुजरात का विशेष उल्लेख किया और कहा कि यूरोपीय संघ भी गुजरात के प्रदर्शन को मान रहा है। मोदी के खिलाफ अनेक अभियानों के बावजूद वे उनके साथ नए रिश्ते बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

हालांकि जब प्रसाद से 2014 का चुनाव मोदी के नेतृत्व में लड़ने की संभावना के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह का बयान दोहराते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व और उनके शासन पर पार्टी को गर्व है लेकिन लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा, इसका फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड समय आने पर करेगा। (एजेंसी)

First Published: Friday, March 1, 2013, 21:37

comments powered by Disqus