`दिल्ली, मुंबई में पीआईए के दफ्तरों को धमकी`

`दिल्ली, मुंबई में पीआईए के दफ्तरों को धमकी`

नई दिल्ली : पाकिस्तान ने सोमवार को कहा कि उसकी राष्ट्रीय विमानन कंपनी पीआईए के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तरों को धमकी मिली हैं, जिसके बाद विदेश मंत्रालय ने पाकिस्‍तान को जरूरी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

पाकिस्तान उच्चायोग के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत सरकार से अनुरोध किया है कि दिल्ली और मुंबई में पीआईए के दफ्तरों को धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव के साथ इस विषय को रखते हुए पाकिस्तानी उप उच्चायुक्त ने इस बात पर जोर दिया कि ‘कनेक्टिविटी को खतरा’ है।

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि जरूरी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। पाकिस्तान उच्चायोग ने यहां पीआईए दफ्तर में प्राप्त पर्चे को अपलोड किया है, जिसमें कहा गया है कि पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर गोलीबारी और भारतीय सैनिकों पर हमले रोके और पीआईए के दफ्तरों को बंद किया जाए।

बाद में पीआईए के अधिकारियों ने यहां बाराखंभा रोड थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति विरूपण अधिनियम और धमकी देने के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई। अतिरिक्त डीसीपी (नई दिल्ली) मधुर वर्मा ने कहा कि घटना कल घटी लेकिन आज जानकारी में आई क्योंकि ईद की वजह से शुक्रवार से दफ्तर बंद था। हमने पीआईए के कार्यालय के भवन के सीसीटीवी फुटेज देखे हैं। कल शाम 5:30 बजे के आसपास दो लोगों को दफ्तर परिसर में आते देखा गया। हम इन दोनों लोगों को पहचानने की कोशिश कर रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, August 12, 2013, 20:30

comments powered by Disqus