दिल्ली-मुंबई रूट पर दौड़ेगी तीव्रगामी ट्रेन - Zee News हिंदी

दिल्ली-मुंबई रूट पर दौड़ेगी तीव्रगामी ट्रेन



नई दिल्ली : भारतीय रेल ने अपने महत्वाकांक्षी तीव्रगामी ट्रेन परियोजना के लिए जापान से हाथ मिलाया है। रेल मंत्रालय दिल्ली-मुंबई रेल कॉरिडोर पर यात्रा अवधि आधी करने के लिए मौजूदा दिल्ली-मुंबई रेलखंड के लिए जापान से नए इलेक्ट्रिक लोकोमोटीव ट्रेन खरीदेगा।

 

इस गोल्डेन रेल कॉरिडोर से जुड़े रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, जापान मौजूदा दिल्ली-मुंबई रेलखंड पर अधिकतम 160 से 200 किलोमीटर की रफ्तार से ट्रेनों के चलाने के बारे अध्ययन कर रहा है। वह अगले महीने अपना रिपोर्ट देगा। फिलहाल मुंबई राजधानी इस मार्ग पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलती है और दिल्ली से मुंबई पहुंचने में 15 घंटे का समय लेती है।

 

अधिकारी ने कहा, हमारा लक्ष्य दिल्ली-मुंबई के बीच यात्रा में लगने वाले समय को आधा करना है। इसके लिए हमलोग मौजूदा रेल पटरी पर उच्च गति से चलने वाली ट्रेन खरीदेंगे।  ईएमयू ट्रेनों की खरीदारी की जा सकती है, जिनमें 10 से 12 डब्बे होंगे।

 

उन्होंने कहा, चूंकि हमारे यहां मौजूद लोकोमोटीव का डिजाइन 200 किलोमीटर की चाल से चलने के लिए नहीं किया गया है। इसलिए हमें गोल्डेन रेल कॉरिडोर के लिए ट्रेन खरीदने होंगे। गोल्डेन रेल कारिडोर के तीव्रगामी ट्रेनों के लिए अलग से भाड़े की घोषणा की जाएगी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 25, 2012, 16:22

comments powered by Disqus