दिल्ली में गिरा पारा, यूपी में बारिश से राहत

दिल्ली में गिरा पारा, यूपी में बारिश से राहत

नई दिल्ली : पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को पारे में गिरावट और बारिश से लोगों को राहत मिली। उधर, पंजाब और हरियाणा के लोगों को गर्मी से राहत नसीब नहीं हुई क्योंकि इन दोनों प्रांतों के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई और यह 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में गिरावट से दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा में आर्द्रता का स्तर 19 से 66 फीसदी के बीच रहा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिल्ली में कल आसमान साफ रहेगा, हालांकि शाम होते-होते बदली छा सकती है।

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे से हल्की बारिश होने के कारण लोगों को गर्मी से खासी राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि बरेली में सबसे अधिक तीन सेंटीमीटर बारिश हुई। मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी और बरेली में दिन के तापमान में गिरावट देखी गई। इटावा राज्य का सबसे गर्म स्थान बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में आने वाले 24 घंटे में बारिश हो सकती है। बिहार में भी भारी बारिश से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है।

पंजाब में अमृतसर में अधितम तापमान 44 डिग्री सेल्यिस रहा तो सामान्य से चार डिग्री उपर है। लुधियाना और पटियाला में अधिकतम तापमान क्रमश: 42.6 और 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्र शासित राज्य चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान में मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि राज्य के दक्षिण पश्चिम हिस्से में कल बारिश हो सकती है। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 31, 2013, 23:19

comments powered by Disqus