Last Updated: Sunday, February 26, 2012, 15:34
नई दिल्ली : भ्रष्टाचार के खिलाफ पिछले कुछ समय से राष्ट्रीय स्तर पर मुहिम छेड़ने वाले प्रख्यात समाजसेवी अन्ना हजारे की राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित विश्व पुस्तक मेले में भी धूम चल रही है तथा उनके आंदोलन से जुड़ी पुस्तकों, डीवीडी, टीशर्ट, टोपियों में पुस्तक प्रेमी विशेषकर युवा वर्ग खासी रूचि दिखा रहे हैं।
पुस्तक मेले में पब्लिक काज रिसर्च फाउंडेशन की ओर से एक स्टाल लगाकर अन्ना हजारे संबंधित पुस्तकों और अन्य सामग्रियों की बिकी की जा रही है। इस स्टाल में अन्ना हजारे की तस्वीर वाली एक डीवीडी है। डीवीडी में अन्ना ने ग्रामीण स्तर पर नेतृत्व तैयार करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी है।
संस्था से जुड़े जावेद ने बताया कि इस डीवीडी में अन्ना का जीवन परिचय भी स्वयं उन्हीं की आवाज में है। उन्होंने कहा कि यह डीवीडी इसलिए तैयार की गयी है कि आम शहरी और ग्रामीण युवा वर्ग इसे देखकर अन्ना के व्यक्तित्व, उनके विचारों और उनके आंदोलन को आसानी से समझ सके।
स्टाल पर लोकपाल संबंधी कई पुस्तिकाएं भी हैं। इसमें ‘‘क्या है जनपाल’’ पुस्तिका शामिल हैं। इस पुस्तिका में उस लोकपाल यानी जनलोकपाल की जानकारी दी गयी है जिसके लिए अन्ना हजारे और उनके सहयोगी संघर्ष कर रहे हैं।
अन्ना टीम के सक्रिय सदस्य अरविन्द केजरीवाल द्वारा लिखी गयी पुस्तक स्वराज भी यहां बिक्री के लिए रखी गयी है। देश विशेषकर राष्ट्रीय राजधानी में लोकपाल विधेयक के लिए अन्ना हजारे का अनशन और आंदोलन काफी चर्चा में रहा था। इसी आंदोलन पर आधारित चित्रमय पुस्तक ‘जन लोकपाल से जनतंत्र तक’ को भी स्टाल पर लगाया गया है। साथ ही इसी आंदोलन से जुड़ी एक अन्य पुस्तक भी यहां प्रदर्शित हैं ‘लोकपाल से स्वराज तक।’
पुस्तकों के अलावा स्टाल में ‘‘मैं अन्ना हूं’’ इबारत लिखी टीशर्ट और टोपियां भी रखी गयी हैं। अन्ना के अनशन के दौरान भ्रष्टाचार से आजिज आये लोगों ने देश भर में इसी तरह की टीशर्ट और टोपियां पहनकर अन्ना के उद्देश्यों के प्रति अपना समर्थन जताया था।
दिलचस्प है कि स्टाल पर भले ही अन्ना के आंदोलन से जुड़ी तमाम पुस्तिकाएं हैं लेकिन उनकी कोई भी जीवनी वहां मौजूद नहीं है। हालांकि कई अन्य प्रकाशकों ने अन्ना की जीवनी छापी है। स्टाल पर कई लोग तो केवल अन्ना की जीवनी की पूछताछ करते नजर आये। इस बारे में पूछने पर जावेद ने बताया कि अन्ना की कोई जीवनी उन्होंने तैयार नहीं की।
हालांकि अन्ना संबंधित डीवीडी में उनके जीवन का परिचय स्वयं उनकी ही जबानी दिया गया है।उन्होंने बताया कि युवा वर्ग टीशर्ट और टोपी में ही अधिक रूचि दिखा रहा है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 26, 2012, 21:04