Last Updated: Friday, January 6, 2012, 05:48
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली : आमूमन मौसम विभाग की भविष्यवाणी पर दिल्लीवासी भरोसा नहीं करते, वह भी अगर बारिश के बारे में की गई हो। मगर इस बार ठंड में मौसम विभाग की ज्यादातर जानकारी सही साबित हो रही है। मौसम भी करवट ले रहा है और दिल्ली के आस पास बारिश के साथ ठंड और ठिठुरन भी बढ़ गई है।
मौसमी पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्र और शनिवार को राजधानी में बारिश होनी थी, जो जारी है। बौछारों के बाद भी दो दिन तक बादलों की आवाजाही जारी रहने के आसार हैं। साथ ही कोहरा भी बना रहेगा। अब इस रविवार और छुट्टियों में सूरज के दर्षन न के बराबर होगी। इस दौरान पारा लुढ़कने से कंपकंपाती ठंड ठिठुरने के लिए और मजबूर कर सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि वेस्ट हिमालयन रीजन में पश्चिमी विक्षोभ का असर है। इसी के चलते मौसम बदला है और सर्दी बढ़ने लगी है। इसका असर अगले चार-पांच दिनों तक बना रहेगा। उम्मीद है कि सोमवार तक बारिश और बादलों की आवाजाही का सिलसिला चलता रहेगा।
दिल्ली में सुबह-शाम घने कोहरे से कई इलाकों में विजिबलिटी स्तर 50 मीटर तक गिर सकता है। शनिवार और रविवार को तापमान अधिकतम 17 और न्यूनतम 8 डिग्री के आस-पास रहने की उम्मीद है। उधर, गुरुवार को दिन भर मौसम खराब रहा। घने कोहरे और बादल के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम के वक्त ठंडी हवाएं भी चलनी शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह से ही राजधानी दिल्ली सहित के आस पास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से ठंड तो बढ़ ही रही है साथ ही कुछ फसलों को नुसकान का भी अंदेशा लगाया जा रहा है।
First Published: Friday, January 6, 2012, 11:21