दिल्ली में होते हैं सबसे ज्यादा रेप - Zee News हिंदी

दिल्ली में होते हैं सबसे ज्यादा रेप

नई दिल्ली: पल-पल आधुनिक तेवरों और कलेवरों में संवरती देश की राजधानी दिल्ली में सबसे ज्यादा रेप होते हैं। एनसीआरबी के रिपोर्ट में इस बात का जिक्र है। एनसीआरबी के कराए गए 35 शहरों के रिसर्च के आधार पर यह कहा गया है।

 

केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने गुरुवार को पुस्तिका 'क्राइम इन इंडिया-2010' जारी की जिसमें बताया गया है कि वर्ष 2009 की तुलना में पिछले साल विभिन्न प्रकार के अपराधों में 4.9 प्रतिशत वृद्धि हुई।

 

केंद्रीय गृह मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार इस अवसर पर चिदम्बरम ने एनसीआरबी का एक और महत्वपूर्ण प्रकाशन जारी किया, जिसका शीर्षक है 'भारत में दुर्घटनावश मृत्यु और आत्महत्याएं-2010'। इसका प्रकाशन भी एनसीआरबी 1967 से करता रहा है और इसमें विभिन्न प्रकार की दुर्घटनाओं, प्राकृतिक आपदाओं और आत्महत्याओं के कारण मानव जीवन की अमूल्य क्षति का विश्लेषण किया गया है।

 

 

'क्राइम इन इंडिया-2010' में पूरे देश में वर्ष 2010 के अपराध परिदृश्य पर प्रकाश डाला गया है। इस प्रकाशन के अनुसार पिछले साल 2009 की तुलना में विभिन्न प्रकार के अपराधों में 4.9 प्रतिशत वृद्धि हुई। 2009 में जहां 21,21,345 अपराधों की सूचना मिली थी, वहीं 2010 में 22,24,831 अपराधों की रिपोर्ट प्राप्त हुई। देश में पिछले साल कत्ल के 33 हजार 335 मामलों की सूचना मिली जो 2009 के 32 हजार 369 की तुलना में 3 प्रतिशत ज्यादा हैं।

 

अनुसूचित जातियों के खिलाफ हुए अपराधों में 2.6 प्रतिशत की कमी आई। 2009 में 33 हजार 594 मामलों की सूचना मिली थी जबकि 2010 में 32 हजार 712 मामले दर्ज किए गए। अनुसूचित जनजातियों के खिलाफ रिपोर्ट किए गए मामलों में 2009 के मुकाबले 8.5 प्रतिशत वृद्धि हुई।

 

प्रकाशन के अनुसार साल के दौरान दुर्घटनावश एवं आत्महत्याओं के कारण मानव जीवन की क्षति में 7.7 प्रतिशत वृद्धि हुई। सड़क दुर्घटनाओं में भी 5.5 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। अपराधों के विश्लेषण के बारे में और ज्यादा विवरण एनसीआरबी की साइट पर देखे जा सकते हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, October 28, 2011, 08:36

comments powered by Disqus