Last Updated: Sunday, April 21, 2013, 19:57
ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली : दिल्ली में पांच वर्षीया बच्ची के बलात्कार के आरोपी मनोज को चार मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी मनोज को रविवार शाम अदालत में पेश किया जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में सौंपा।
ज्ञात हो कि दिल्ली पुलिस ने मनोज की गिरफ्तारी शनिवार को बिहार से की। मनोज को गिरफ्तार करने के बाद दिल्ली पुलिस शनिवार शाम दिल्ली पहुंची, जिसके
बाद उससे पूछताछ की जा रही थी। पूछताछ में मनोज ने बताया कि इस घिनौनी वारदात में प्रदीप नाम का व्यक्ति भी शामिल था। दिल्ली पुलिस अब प्रदीप की तलाश में जुट गई है।
वहीं, इस घटना के विरोध में राजधानी दिल्ली सहित कई जगहों पर विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। लोग दिल्ली पुलिस के कमिश्नर नीरज कुमार को हटाए जाने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने रविवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास के समीप भी प्रदर्शन किया। जबकि दिल्ली पुलिस मुख्यालय के पास भारी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद हैं।
First Published: Sunday, April 21, 2013, 19:57