दिल्ली समेत कई राज्यों में ठंड का कहर - Zee News हिंदी

दिल्ली समेत कई राज्यों में ठंड का कहर

नई दिल्ली : दिल्ली वालों ने शुक्रवार को मौसम के सबसे ठंडे दिन का अनुभव किया और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन में ठंडक बने रहने का पूर्वानुमान लगाया है। यूपी में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और इससे 11 लोगों के मरने की खबर है।

 

राजधानी में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम था। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन में ऐसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं और गलन भरी सर्दी तथा घने कोहरे से जनजीवन खासा प्रभावित हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में ठंड लगने और कोहराजनित हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई। बाराबंकी, प्रतापगढ़ तथा फर्रुखाबाद से मिली रिपोर्टों के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान दोनों जिलों में ठंड लगने और घने कोहरे के कारण हुए हादसों में क्रमश: पांच, चार तथा दो लोगों समेत कुल 11 लोगों की मौत हो गई।

 

पंजाब और हरियाणा में शीतलहर चली जबकि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक चला गया। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस रहा। आदमपुर के बाद हरियाणा के अंबाला और पंजाब के अमृतसर में क्रमश: 2.4 और 2.6 डिग्री सेल्सिमस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच तथा एक डिग्री सेल्सियस कम था। (एजेंसी)

First Published: Friday, December 16, 2011, 23:49

comments powered by Disqus