Last Updated: Friday, December 28, 2012, 13:35

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में 23 वर्षीया युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द दंडित किया जाएगा। सोनिया ने कहा कि गैंगरेप पीडि़ता के लिए हम प्रार्थना कर रहे हैं और जल्द ठीक होने के लिए हम पीडि़ता के लिए दुआ करते हैं।
पीड़िता सिंगापुर के एक अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। सोनिया ने यहां कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा कि हमारी कामना है कि वह स्वस्थ होकर वापस आ जाए। इस कृत्य के जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द दंडित किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सामूहिक बलात्कार की बर्बर घटना के अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने में समय नहीं गंवाना चाहिए।
दुष्कर्म पीड़िता पर सोनिया का यह पहला सार्वजनिक बयान था। दिल्ली में एक चलती बस में कुछ पुरुषों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया था। गौर हो कि कांग्रेस शुक्रवार को 127 साल हो गई है और पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर उन्होंने पार्टी मुख्यालय में पार्टी का झंडा भी फहराया।
First Published: Friday, December 28, 2012, 11:36