दिल्‍ली में कांग्रेस की महारैली आज, सुधारों पर जोर

दिल्‍ली में कांग्रेस की महारैली आज, सुधारों पर जोर

दिल्‍ली में कांग्रेस की महारैली आज, सुधारों पर जोरनई दिल्ली : भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की अगुवाई कर रही कांग्रेस पार्टी के वर्तमान कर्णधार रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में देश के सामने अपनी बात रखेगी। साथ ही पार्टी आर्थिक सुधारों की दिशा में सरकार की ओर से उठाए गए कदमों के बारे में भी जनता के समक्ष स्थिति स्पष्ट करेगी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी कांग्रेस की इस महारैली को संबोधित करेंगे।

विपक्ष के साथ-साथ सहयोगी दलों के चौतरफे हमले झेल रही कांग्रेस की सरकार इस रैली के जरिए राजधनी में अपना शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। इस महारैली में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेशों के अध्यक्ष, ब्लॉक व जिला कांग्रेस के अध्यक्ष, सांसद, विधायक और सभी अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष शिरकत करेंगे।

रैली के बाद नौ को सूरजकुंड में पार्टी के वरिष्ठ नेता समीक्षा बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे। इस बैठक में कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य, महासचिव, राज्यों के प्रभारी, केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हिस्सा लेंगे। रविवार की रैली में प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष आर्थिक सुधारों की दिशा में हाल के दिनों में उठाए गए कदमों के बारे में विस्तार से विचार रख सकते हैं। यह रैली ऐसे समय में हो रही है जब जनता पार्टी के अध्यक्ष सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि उसने एसोसिएटेड न्यूजपेपर्स को ऋण देकर कानून का उल्लंघन किया है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से पार्टी की मान्यता खत्म करने की गुहार भी लगाई है।

इसके अलावा इंडिया अगेंस्ट करप्शन ने सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा और केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। आईएसी ने पेट्रोलियम मंत्रालय से एस. जयपाल रेड्डी को हटाए जाने को लेकर भी मनमोहन सरकार पर आक्षेप लगाए हैं। (एजेंसी)

First Published: Sunday, November 4, 2012, 09:39

comments powered by Disqus