Last Updated: Thursday, December 6, 2012, 13:35

न्यूयॉर्क : फोर्ब्स पत्रिका ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी को दुनिया की सबसे शक्तिशाली हस्तियों की शीर्ष 20 की वार्षिक सूची में शामिल किया है जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा लगातार दूसरे साल पहले स्थान पर काबिज हैं। भारत के सबसे अमीर कारोबारी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी और मित्तल समूह के सीईओ लक्ष्मी मित्तल भी इस सूची में शामिल हैं।
सोनिया पिछले साल की सूची की तुलना में एक पायदान गिरते हुए इस साल 12वें स्थान पर आ गईं और वह चीन के उपप्रधानमंत्री ली क्विंग और फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांकोइस होलांदे से आगे हैं। फोर्ब्स ने कहा कि सोनिया के हाथों में आबादी के हिसाब से दूसरे सबसे बड़े और अर्थव्यवस्था के हिसाब से दसवें सबसे बड़े देश की कमान है। इसमें कहा गया कि उनके बेटे राहुल भारत के सबसे प्रसिद्ध राजनीतिक वंश की कमान हाथ में लेने के कतार में हैं।
इस सूची में 20वें स्थान पर मौजूद सिंह आक्सफोर्ड और कैम्ब्रिज में पढ़ने वाले अर्थशास्त्री हैं और वह भारत के आर्थिक सुधारों के रचनाकार हैं। सिंह पिछले साल इस सूची में 19वें स्थान पर थे।
फोब्र्स ने कहा कि लेकिन सिंह के शांत बुद्धिवाद को लगातार कमजोरी और संकोचशील के तौर पर देखा गया है।
अंबानी इस सूची में 37वें स्थान पर हैं। फोर्ब्स ने कहा कि अंबानी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति हैं और रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे बड़ी कंपनी है। इस सूची में 47 वें स्थान पर मौजूद मित्तल के पास 16 अरब डालर की संपत्ति है। पिछले साल उन्होंने 2012 टार्च रिले में ओलंपिक मशाल थामी थी।
First Published: Thursday, December 6, 2012, 13:35