Last Updated: Thursday, February 9, 2012, 13:40
बेंगलुरू : भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी की व्यावसायिक इकाई एंट्रिक्स ने एस-बैंड स्पेक्ट्रम पर रद्द हुए अपने करार को पेरिस स्थित अंतर्राष्ट्रीय पंचाट न्यायालय में ले जाने से देवास मल्टीमीडिया को रोकने के लिए न्यायालय की शरण ली है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अतिरिक्त सत्र न्यायालय के न्यायाधीश डी.बी. पाटील ने एंट्रिक्स की सुनवाई के बाद मामले को 25 फरवरी के लिए स्थगित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि देवास के जुलाई 2011 में पंचाट में जाने के तुरंत बाद ही एंट्रिक्स ने अंतरिम निषेधाज्ञा के लिए मामला दायर किया।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के निदेशक एस. सतीश ने बताया कि चूंकि एंट्रिक्स बेंगलुरू में पंजीकृत है। सरकार द्वारा फरवरी-2011 में देवास के साथ करार निरस्त किए जाने के बाद हम असीमित अधिकार के तहत स्थानीय अदालत और सर्वोच्च न्यायालय में गए। सतीश ने कहा कि चूंकि, मामला न्यायालय में है, इसलिए मामले के गुण-दोष पर हम कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। सर्वोच्च न्यायालय इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को कर सकता है।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, February 9, 2012, 22:11