Last Updated: Friday, August 3, 2012, 18:25

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली: अन्ना हजारे ने अपना और अपनी टीम का अनशन तोड़ने से पहले कहा कि अब पूरा देश जाग गया है। उन्होंने कहा कि जिसके हाथ साफ है उसके हाथ से ही अनशन तोड़ूंगा। उन्होंने कहा कि कभी मंत्री के हाथ से ना तो अनशन तोड़ा है और ना ही तोड़ूंगा। उन्होंने साफ किया कि जबतक शरीर मे प्राण है वह देश की गलत व्यवस्था के खिलाफ लड़ते रहेंगे।
अन्ना ने कहा कि वह देश को जगाने के लिए पूरे देश का भ्रमण करेंगे। उन्होंने कहा कि जबतक व्यवस्था नहीं बदलेगी बदलाव नहीं होगा। उन्होंने आज फिर साफ किया कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन विकल्प के लिए देशभर का दौरा करेंगे। अन्ना ने यह बात फिर दोहराई कि जनलोकपाल बिल आने से देश में व्याप्त भ्रष्टाचार 60 से 65 फीसदी कम होगा। उन्होंने कहा कि देश में बैठे दुश्मनों से लड़ाई जारी है और मैं जबतक लड़ता रहूंगा तबतक मेरे शरीर में प्राण रहेंगे।
इससे पहले अन्ना हजारे का अनशन तुड़वाने से पहले पूर्व सेनाध्यक्ष वी के सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार देश की सबसे बड़ी समस्या है और ऐसा लग रहा है कि देश देशाहिन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के जंतर मंतर पर कहा कि देश में व्याप्त भ्रष्टाचार दूर करने के लिए आपको (जनता को) इसके लिए सजग रहना होगा। उन्होंने कहा कि अच्छे लोगों को नीचे गिराने की कोशिश होगी। उन्होंने कहा कि अन्ना के साथ मिलकर राजनीतिक विकल्प देने में उनकी मदद करे।
उन्होंने टीम अन्ना को देश को राजनीतिक विकल्प मानने देने की बात मानने के लिए शुक्रिया अदा किया। उन्होंने टीम अन्ना से देश को राजनीतिक विकल्प देने की अपील की थी। उनके साथ लगभग 20 से ज्यादा नामचीन शख्सियत ने उन्हें अनशन तोड़कर देश के लिए राजनीतिक विकल्प देने की सलाह दी थी।
उन्होंने कहा कि देश की जनता के पास जादू की छड़ी है। अगर युवा चाहे तो देश की तकदीर बदल सकता है। वी के सिंह ने कहा कि देश की समस्याओं की बात करे तो कालाधन और महंगाई भी है।
टीम अन्ना के अनशन का आज दसवां दिन था और अन्ना हजारे के अनशन का आज पांचवां दिन था। अन्ना हजारे ने कल इस बात का ऐलान किया था कि वह आज पूरी टीम के साथ अनशन तोड़ देंगे और देश को राजनीतिक विकल्प देंगे।
अरविंद केजरीवाल, गोपाल राय तथा मनीष सिसौदिया ने 25 जुलाई से अनशन शुरू किया, जबकि अन्ना हजारे ने 29 जुलाई से अनशन शुरू किया। टीम अन्ना और उनकी टीम के सदस्यों ने गुरुवार को अनशन समाप्त करने की घोषणा की थी।
First Published: Friday, August 3, 2012, 18:25